Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Ranikhet News: रानीझील क्षेत्र में सैन्य अस्पताल के कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी, बीती 28 अप्रैल से था लापता

    By Jagran NewsEdited By: Nirmal Pareek
    Updated: Sat, 06 May 2023 07:39 PM (IST)

    Ranikhet News केआरसी मुख्यालय स्थित सैन्य चिकित्सालय (एमएच) में तैनात कर्मचारी का रानीझील क्षेत्र में शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। वह बीती 28 अप्रैल से लापता था। पुलिस के साथ ही तलाशी अभियान में जुटे स्वजनों ने उसकी शिनाख्त की।

    Hero Image
    रानीझील क्षेत्र में सैन्य अस्पताल के कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी

    जागरण संवाददाता, रानीखेत: केआरसी मुख्यालय स्थित सैन्य चिकित्सालय (एमएच) में तैनात कर्मचारी का रानीझील क्षेत्र में शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। वह बीती 28 अप्रैल से लापता था। पुलिस के साथ ही तलाशी अभियान में जुटे स्वजनों ने उसकी शिनाख्त की। इधर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। शरीर पर चोट आदि के निशान भी नहीं मिले। चिकित्सालय प्रशासन के अनुसार जांच के लिए बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रानीखेत अल्मोड़ा हाईवे पर क्वैराला गांव (हवालबाग ब्लाक) निवासी 43 वर्षीय दीवान सिंह पुत्र गोविंद सिंह सैन्य चिकित्सालय के सिविल स्टाफ में कर्मचारी था। उसका परिवार भी सेना के सरकारी आवास में साथ ही रहता था। पुलिस के अनुसार बीती 28 अप्रैल की सुबह करीब साढे पांच बजे दीवान सिंह रोज की तरह घूमने निकला था। मगर घंटों बाद भी घर नहीं लौटा तो स्वजनों की चिंता बढी।

    स्टाफ के साथ ही रिश्तेदारों के यहां पता लगाया गया लेकिन कुछ पता नहीं लगा। थकहार कर स्वजनों ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। नगर क्षेत्र व आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इधर शनिवार को स्वजन व करीबी रिश्तेदार रानीझील की ओर निकले। उनकी नजर झील से कुछ दूर पेंसिल पार्क के निचले भूभाग पर गधेरे की ओर पड़ी। वहां एक शव दिखाई देने पर हड़कंप मच गया।

    सीओ तिलक राम वर्मा, कोतवाल नासिर हुसैन व एसएसआइ सुनील बिष्ट मौके पर पहुंचे। सैन्य चिकित्सालय के अधिकारियों को भी बुला लिया गया। शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव सुपुर्दगी में लेकर पोस्टमार्टम कराया। बाद में शव स्वजनों को सौंप दिया गया।

    मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए। पोस्टमार्टम में मौत किन कारणों से हुई, स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है। इसी से मौत के वास्तविक कारणों का पता लग सकेगा।

    - डा. अमरजीत सिंह, चिकित्साधिकारी, राजकीय नागरिक चिकित्सालय