विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कत्यूरों रियासत की विरासत है उत्तराखंड की पाटिया बग्वाल, शौर्य और भाईचारे की मिसाल पाषाण युद्ध

Published: Wed, 11 Nov 2026 03:37 PM (IST)Updated: Wed, 11 Nov 2026 03:57 PM (IST)

अल्मोड़ा में गोवर्धन पूजा के दिन होने वाली पाटिया बग्वाल कत्यूरों की रियासत की जीवंत विरासत है। यह प्राचीन युद्ध ...और पढ़ें

पराक्रम और रणकौशल का प्रतीक है यह पाषाण युद्ध।

पराक्रम और रणकौशल का प्रतीक है यह पाषाण युद्ध।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संतोष बिष्ट, अल्मोड़ा। रक्षाबंधन पर देवीधुरा में होने वाली ऐतिहासिक बग्वाल से अलग गोवर्धन पूजा के दिन पाटिया में खेला जाने वाला पाषाण युद्ध भी अपनी अनूठी पहचान रखता है। यह केवल पत्थरों का खेल नहीं, बल्कि उत्तराखंड की प्राचीन युद्ध परंपरा, शौर्य और भाईचारे का प्रतीक है।

ताकुला और हवालबाग ब्लाक की सीमा पर स्थित विजयपुर पाटिया में पंचघटिया नदी के दोनों छोर पर होने वाली इस बग्वाल में आसपास के कई गांवों के ग्रामीण हिस्सा लेते हैं। एक ओर पाटिया और भटगांव के लोग होते हैं, जबकि दूसरी ओर कसून, कोट्यूड़ा और पिलखा के ग्रामीण मोर्चा संभालते हैं।

दोनों दलों के बीच करीब 50 मिनट तक पत्थरों की बौछार होती है। बुजुर्गों के आदेश पर युद्ध थमता है और फिर दोनों पक्ष गले मिलकर भाईचारे का संदेश देते हैं। बिनसर महादेव की जटाओं से निकली नदिया की धार आज भी शौर्य और संधि की कहानी सुनाती है।

चंद वंशीय शासनकाल से जुड़ी है परंपरा

बग्वाल का इतिहास चंदवंशीय शासनकाल से जुड़ा माना जाता है। मान्यता है कि उस दौर में क्षेत्रीय शक्ति प्रदर्शन, युद्ध कौशल के अभ्यास और आपसी विवादों को सीमित दायरे में सुलझाने के लिए इस तरह की परंपराएं प्रचलित थीं। इसे शत्रु सेना पर विजय के उत्सव के रूप में भी याद किया जाता है।

गोवंश और रियासत बचाने को हुआ था पाषाण युद्ध

वरिष्ठ संस्कृति कर्मी व सेवानिवृत्त सांख्यिकी अधिकारी गोविंद सिंह ने बताया कि स्थानीय मान्यता के अनुसार 12वीं सदी में दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजन के दौरान स्यूनराकोट किले की ओर से शत्रु सेना ने विघटन झेल रहे कत्यूरों की पाटिया रियासत पर हमला कर दिया था।

तब पाटिया रियासत के पडियार बिष्ट कत्यूरी वीरों के साथ कोट्यूड़ा, कसून और भट्ट रणबांकुरों ने एकजुट होकर पत्थरों की वर्षा कर शत्रु सेना को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

युद्ध के बाद दुश्मनी नहीं, भाईचारे का संदेश

बग्वाल की सबसे खास परंपरा युद्ध का समापन है। मान्यता है कि पत्थरों की बौछार के बीच एक पक्ष का रणबांकुरा पंचघटिया नदी में उतरकर पानी पीता है।

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच संघर्ष विराम हो जाता है। घायलों को पानी पिलाकर जीवनदान देने और आपसी शत्रुता भुलाकर गले मिलने की यह परंपरा पाटिया की बग्वाल को विशिष्ट पहचान देती है।

मिट्टी और बिच्छू घास का लेप

वरिष्ठ संस्कृति कर्मी व सेवानिवृत्त सांख्यिकी अधिकारी गोविंद सिंह बिष्ट और बुजुर्गों ने बताया कि इस युद्ध में यदि कोई घायल होता है, तो अस्पताल जाने के बजाय पारंपरिक तरीके से खेत की पवित्र मिट्टी, बिच्छू घास (सिसौण) का लेप लगाया जाता है, जिससे घाव चमत्कारी रूप से बहुत जल्दी ठीक हो जाते हैं। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात रहता है।

देवीधुरा और पाटिया मेले की पौराणिक मान्यता

देवीधुरा की बग्वाल एक दैवीय आस्था और धार्मिक अनुष्ठान का प्रतीक है, जिसमें मां वाराही को रक्त अर्पित किया जाता है।

वहीं, पाटिया की बग्वाल एक ऐतिहासिक स्वाभिमान और गोवंश की रक्षा का लोक उत्सव है। दोनों ही परंपराएं उत्तराखंड की मार्शल आर्ट्स (युद्ध कौशल) और सामुदायिक एकता का बेजोड़ उदाहरण हैं।

यह भी पढ़ें- कुमाऊं में च्यूड़ा बग्वाल भैया दूज: ओखली से आशीष तक की पुरानी है परंपरा, पहाड़ों के गांव में आज भी है जीवंत

यह भी पढ़ें- दीवाली के बाद उत्तराखंड में क्यों गाते हैं ‘भैलो रे भैलो’? लोकगीत में छिपी है इगास बग्वाल की सदियों पुरानी परंपरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।