विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुमाऊं में च्यूड़ा बग्वाल भैया दूज: ओखली से आशीष तक की पुरानी है परंपरा, पहाड़ों के गांव में आज भी है जीवंत

Published: Mon, 09 Nov 2026 04:49 PM (IST)

कुमाऊं में भैया दूज को च्यूड़ा बग्वाल के रूप में मनाया जाता है, जो भाई-बहन के स्नेह के साथ कृषि ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

घनश्याम जोशी, जागरण, बागेश्वर। ओखली में पड़ते मुसल की थाप, महिलाओं की सामूहिक जुटान और दादी-अम्मा के हाथों नौनिहालों के सिर पर रखे जाते च्यूड़े। कुमाऊं में भैया दूज केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि कृषि संस्कृति, देव आस्था और पीढ़ियों से चली आ रही लोकमान्यताओं का जीवंत दस्तावेज भी है।

यहां इसे च्यूड़ा बग्वाल और भ्रातृ द्वितीया के रूप में भी जाना जाता है। 11 नवंबर को मनाए जाने वाले इस पर्व पर नए धान से तैयार च्यूड़े देवताओं को अर्पित करने के साथ बच्चों के सिर पर रखकर उनके दीर्घायु और सुखी जीवन की कामना की जाएगी।

चावल में लक्ष्मी का स्वरूप, दूर्वा में वंशवृद्धि की कामना

च्यूड़ा पूजन की परंपरा का आधार किसी एक शास्त्रीय आख्यान से अधिक लोकमान्यताएं हैं। कुमाऊं की संस्कृति में शास्त्र और लोक का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। चावल को लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है। धान से बने च्यूड़े, खील और लाजा का पूजन इसी अन्न सम्मान और समृद्धि की कामना से जुड़ा है।

दूर्वा का स्वभाव फैलने और अंकुरित होने का है। इसलिए इसे च्यूड़ों के साथ बच्चों के सिर पर रखकर वंशवृद्धि और दीर्घायु की कामना की जाती है। घी, तेल या मक्खन का प्रयोग भी इसी पारंपरिक विधान का हिस्सा है।

ओखली, मूसल और अग्नि का भी होता है पूजन

इस परंपरा में च्यूड़े तैयार करना भी एक धार्मिक विधान है। नए धान को चार-पांच दिन भिगोने के बाद गोवर्धन पूजा के दिन भूनकर ओखली में कूटा जाता है। इस दौरान ओखली, मूसल और अग्नि का पूजन किया जाता है। सूप में दूर्वा रखकर च्यूड़ों को फटका जाता है। भैया दूज पर इन्हें ईष्ट और कुल देवताओं को अर्पित किया जाता है। कुल पुरोहित भी यजमानों के घर पहुंचकर च्यूड़े पूसते और आशीर्वाद देते हैं।

भिटौली की तरह भाई-बहन के रिश्तों का पर्व

यमराज का अपनी बहन यमुना से मिलने जाने का आख्यान भैया दूज से जुड़ा है। कुमाऊं में भिटौली की तरह च्यूड़ा बग्वाल भी भाई-बहन के आत्मीय संबंधों का प्रतीक बन गया है। मायके से विवाहित बेटियों और दूर रहने वाले स्वजन तक च्यूड़े पहुंचाने की परंपरा इसी रिश्ते को सहेजती है।

बाजार और पलायन के बीच सिमटती सामूहिकता

पहाड़ के गांवों में आज भी महिलाएं ओखली में च्यूड़े कूटती हैं। जंगल में लकड़ी या घास लेने जाने वाले ग्रामीण इन्हें अखरोट और चीनी के साथ कलेवा के रूप में भी खाते थे। हालांकि खेती से दूरी और पलायन के कारण शहरों में रहने वाले परिवार इस परंपरा से दूर हो रहे हैं। बाजार में तैयार च्यूड़े भी उपलब्ध हैं।

वर्जन
''लाग दशैं, लाग बग्वाई, लाग पंचमी'' जैसे पारंपरिक आशीर्वचन भी धीरे-धीरे विस्मृत हो रहे हैं। पुस्तक पर्वोत्सव मीमांसा में इस पर्व और इससे जुड़ी लोकपरंपराओं का दस्तावेजीकरण किया गया है। अपनी संस्कृति को समझने के लिए केवल गूगल पर निर्भर रहने के बजाय पुस्तकों को पढ़ना जरूरी है। क्योंकि लोकपरंपराओं की असली पहचान पुस्तकों और बुजुर्गों की स्मृतियों में सुरक्षित है।

डा. गोपाल कृष्ण जोशी, भागवताचार्य, बागेश्वर

यह भी पढ़ें- सफाई कर्मी कर रहे थे सफाई, भागीरथी नाले में मिला मानव भ्रूण... बागेश्वर में सनसनी

यह भी पढ़ें- बागेश्वर वकील हत्याकांड: सरयू-गोमती संगम पर धीरेंद्र परिहार को नम आंखों से विदाई, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।