यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बाल दिवस पर विधायक ने किया स्कूल भवन का उद्घाटन
रानीखेत विधायक करन माहरा ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन उद्घाटन करते हुए दो लाख रुपये देने की घोषणा की।

रानीखेत, [जेएनएन]: बाल दिवस के अवसर पर विधायक करन माहरा ने ताड़ीखेत के बजीना गांव स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में विभिन्न कार्यों के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की।
बजीना गांव में स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 14.50 लाख रुपए की लागत से तैयार नवनिर्मित भवन का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक करन माहरा और विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती मेहरा ने संयुक्त रुप से किया। विधायक माहरा ने विद्यालय को हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए फर्नीचर और कंप्यूटर के लिए दो लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं विशिष्ट अतिथि जिंप अध्यक्ष ने विद्यालय की चारदीवारी के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा की।
चाचा नेहरू को किया गया याद
उद्घाटन समारोह के दौरान चाचा नेहरु का जन्मदिन भी धूमधाम से मनाया गया। आस-पास के विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विधायक करन माहरा ने चाचा नेहरू के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चाचा नेहरू ने जेल में बंद रहकर 'भारत एक खोज' किताब लिखी। जिसपर अब कई नाटक और फिल्में बनाई जा रही हैं। उन्होंने चाचा नेहरू के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
