जागेश्वर में अमेरिका से लौटी लकुलीश समेत तीन प्रतिमाओं को दिल्ली ले जाने की थी तैयारी, ऐतिहासिक महत्व के चलते हुआ विवाद
जागेश्वर की प्राचीन प्रतिमाओं को दिल्ली संग्रहालय ले जाने की तैयारी पर स्थानीय विरोध के कारण विवाद छिड़ गया है।
-1795882309918_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। जागेश्वर की प्राचीन प्रतिमाओं का इतिहास जितना गौरवशाली है, उतना ही रोचक भी। यहां संग्रहालय में संरक्षित लकुलीश की प्रतिमा चोरी होकर अमेरिका तक पहुंच गई थी, जबकि पौण राजा की प्रतिमा भी चोरी के बाद वापस लाई गई थी।
ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की ऐसी ही तीन बेशकीमती प्रतिमाओं को दिसंबर में दिल्ली स्थित युग-युगीन भारत संग्रहालय की प्रदर्शनी में सजाने की तैयारी थी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने इसके लिए चयन भी कर लिया था, लेकिन स्थानीय विरोध के बाद योजना पर सवाल खड़े हो गए हैं।
अब इन धरोहरों को जागेश्वर से बाहर ले जाने को लेकर आस्था और विरासत के संरक्षण की बहस तेज हो गई है। हालांकि कौन सी प्रतिमाएं जानी थी, इसका कोई अधिकारिक प्रमाण नहीं है। सीए एसआइ नीरज मैठानी ने बताया कि टीम संग्रहालय में प्रतिमाओं को देखने पहुंची थी।
चोरी के बाद बॉर्डर से वापस लाई गई थी पौण राजा की प्रतिमा
जागेश्वर संग्रहालय में संरक्षित पौण राजा (पोना राजा) की कांस्य प्रतिमा यहां के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। करीब चार फीट ऊंची और 112 किलोग्राम वजनी यह प्रतिमा खड़ी मुद्रा में है। वर्ष 1974 में दंडेश्वर मंदिर से चोरी हुई इस प्रतिमा को बाद में वापस लाया गया था।
इसका क्षतिग्रस्त दाहिना हाथ भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की देहरादून स्थित विज्ञान प्रयोगशाला में संरक्षित कर पुनर्स्थापित किया गया। वर्तमान में यह संग्रहालय के केंद्रीय कक्ष में प्रदर्शित है। ब्लुट प्रूप केबिन में रखी गई है।
चोरी होकर अमेरिका पहुंच गई थी लकुलीश की प्रतिमा
लकुलीश को पाशुपत शैव धर्म का प्रवर्तक और भगवान शिव का अवतार माना जाता है। जागेश्वर मंदिर समिति के पूर्व प्रबंधक प्रकाश भट्ट के अनुसार, पूर्वजों से मिली जानकारी के मुताबिक लकुलीश की प्रतिमा चोरी हो गई थी और अमेरिका पहुंच गई थी।
बाद में भारत सरकार को वापस मिलने के बाद वर्ष 2015 में इसे जागेश्वर संग्रहालय में स्थापित किया गया। यह प्रतिमा धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से विशेष महत्व रखती है।
सूर्य देव की प्रतिमा में दिखती है मध्यकालीन शिल्पकला
जागेश्वर संग्रहालय में संरक्षित सूर्य देव की प्रतिमा कुमाऊं की मध्यकालीन शिल्पकला का उत्कृष्ट उदाहरण है। लगभग नौवीं से 13वीं शताब्दी के बीच की मानी जाने वाली इस प्रतिमा में सूर्य देव दोनों हाथों में कमल धारण किए हैं।
प्रतिमा के निचले हिस्से में सारथी अरुण और सात घोड़ों का अंकन है। बारीक नक्काशी और आभूषणों से सजी यह प्रतिमा तत्कालीन मूर्तिकला की समृद्ध परंपरा को दर्शाती है।
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा में विटामिन डी की कमी से जूझ रहे लोग, धूप और खानपान की आदतें बिगाड़ रही सेहत
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: अल्मोड़ा में कोहरे ने बढ़ाई ठिठुरन, अलाव का सहारा ले रहे लोग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।