अल्मोड़ा में विटामिन डी की कमी से जूझ रहे लोग, धूप और खानपान की आदतें बिगाड़ रही सेहत
अल्मोड़ा में एक साल में हुई 1180 विटामिन डी जांचों में से हर पांचवें व्यक्ति में इसकी कमी पाई गई है।

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
हेमंत बिष्ट, जागरण, अल्मोड़ा। धूप से दूरी और खानपान की बिगड़ती आदतें लोगों की हड्डियों संबंधित बीमारियों की चपेट में ला रही हैं। जनपद में सालभर पर्याप्त धूप मिलने के बावजूद लोग विटामिन डी की कमी से जूझ रहे हैं।
जिला अस्पताल में एक साल के दौरान विटामिन डी की 1180 जांच की गईं, जिनमें 236 लोगों में इसकी कमी की पुष्टि हुई है। यानी जांच कराने वाले हर पांच में से एक व्यक्ति में विटामिन डी का स्तर कम पाया गया।
विटामिन डी की कमी के चलते लोगों में कमर, घुटने और जोड़ों में दर्द के साथ मांसपेशियों में खिंचाव जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। युवाओं और महिलाओं में भी इस तरह की समस्याएं देखने को मिल रही हैं।
चिकित्सकों के अनुसार, शरीर में विटामिन डी की कमी का प्रमुख कारण पर्याप्त धूप नहीं लेना और खानपान में विटामिन डी युक्त खाद्य पदार्थों का अभाव है। जिला अस्पताल की फिजिशियन डॉ. ऋतु खनी ने बताया कि सूर्य की पराबैंगनी किरणें त्वचा पर पड़ने से शरीर में प्राकृतिक रूप से विटामिन डी का निर्माण होता है।
इसके अलावा कुछ खाद्य पदार्थों से भी इसकी पूर्ति की जा सकती है। शरीर में विटामिन डी की पर्याप्त मात्रा हड्डियों को मजबूत रखने और कैल्शियम के अवशोषण के लिए जरूरी है।
सितंबर में सबसे अधिक हुई विटामिन डी की जांच
जिला अस्पताल में मुख्यालय के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी मरीज विटामिन डी की जांच कराने पहुंच रहे हैं। सितंबर में सबसे अधिक 197 जांच हुईं। अगस्त में 169, जून में 178, जुलाई में 153, मई में 138 और अप्रैल में 111 लोगों की जांच की गई। वहीं अक्टूबर में 89, मार्च में 60, फरवरी में 20 और जनवरी में 93 जांच हुईं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता के निर्देश
विटामिन डी की कमी को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) और एएनएम को विशेष निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को विटामिन डी के महत्व, इसकी कमी के लक्षणों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा सके।
वर्जन
शारीरिक गतिविधियां कम होने और वजन बढ़ने से भी हड्डियों और मांसपेशियों पर असर पड़ता है। ऐसे में संतुलित खानपान के साथ नियमित शारीरिक गतिविधियां जरूरी हैं।
डा. रंजन तिवारी, अपर जिला चिकित्साधिकारी, अल्मोड़ा।
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा के द्वाराहाट में पंचायत प्रतिनिधियों का फूटा गुस्सा तहसीलदार व कर्मचारियों को बनाया बंधक
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: अल्मोड़ा में कोहरे ने बढ़ाई ठिठुरन, अलाव का सहारा ले रहे लोग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।