विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड के दूनागिरि की नई पहचान, 'कीवी' की बंपर पैदावार... चुनौतियां भी कम नहीं

Published: Fri, 13 Nov 2026 09:03 AM (IST)

दूनागिरि क्षेत्र में कीवी की बंपर पैदावार से किसान उत्साहित हैं, पर उचित बाजार और पैकेजिंग सुविधाओं की कमी से मायूस भी हैं।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जगत सिंह रौतेला, द्वाराहाट। पौष्टिक गुणों से भरपूर, हृदय रोग और डेंगू जैसी बीमारियों से लडऩे में मददगार कीवी फल अब आम लोगों की पहुंच में है।

सेब और गोल मूली के लिए प्रसिद्ध यह फल व सब्जी पट्टी की जलवायु कीवी के लिए वरदान जैसी साबित हो रही है। इस बार क्षेत्र में उम्मीद से कहीं अधिक बंपर फसल होने से काश्तकारों के चेहरे तो खिले हैं, लेकिन उचित बाजार और पैकेजिंग सुविधाओं के अभाव में उनमें मायूसी भी है।

करीब एक दशक पूर्व दूनागिरि क्षेत्र के खोलियाबंज निवासी बिशन सिंह, पीतांबर दत्त पपनै और भुवन चंद्र जोशी ने अपने खेतों में कीवी के पौधे रोपित किए थे। इन्हें देखकर आज क्षेत्र की चार ग्राम पंचायतों के लगभग 80 काश्तकार कीवी उत्पादन से जुड़ चुके हैं। इस बार प्रचुर मात्रा में फसल हुई है, और विशुद्ध जैविक व गुणवत्ता की तलाश में लोग खुद दूनागिरि पहुंचकर इसकी खरीद कर रहे हैं। हालांकि, भारी उत्पादन के चलते किसानों के घरों में कीवी के ढेर लगे हुए हैं।

प्रगतिशील किसान बिशन सिंह रावत के बगीचे में ही अबकी सीजन करीब पांच कुंतल कीवी का उत्पादन हुआ है। उनका कहना है कि अच्छी पैदावार के बावजूद बाजार व प्रोत्साहन के अभाव में आपूर्ति में चुनौतियां भी आ रहीं। तीन साल पहले जब वह कीवी बेचने हल्द्वानी गए थे, तो भारी परिवहन खर्च के चलते लागत और मेहनत का उचित मूल्य नहीं मिल पाया था।

अन्य जिलों की भांति सुविधा पर जोर

कीवी उत्पादकों ने गढ़वाल मंडल और चंपावत जनपद की तर्ज पर पेटी या वारदाना आदि सुविधा ओं पर जोर दिया है। उनका कहना है कि दूनागिरि क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों को अब तक ऐसी सरकारी मदद नहीं मिल पाई है, जैसी इन जिलों में मिल रही है।

पलायन रोकने का बन सकता है प्रभावी जरिया

इस रिकार्ड उत्पादन से किसानों में एक नई उम्मीद जागी है। काश्तकारों का मानना है कि यदि सरकार की ओर से वैज्ञानिक प्रशिक्षण और उचित प्रोत्साहन मिले, तो दूनागिरि पर्वतमाला के अनुकूल मौसम में कीवी का उत्पादन कई गुना बढ़ाया जा सकता है।

इससे स्थानीय युवाओं को घर बैठे आजीविका के बेहतर साधन मिलेंगे और क्षेत्र से हो रहे पलायन पर भी प्रभावी रोक लगेगी। इस खेती का सबसे बड़ा लाभ यह है कि अन्य फसलों के विपरीत जंगली जानवर कीवी की फसल को नुकसान नहीं पहुंचाते हैं।

कुमाऊं में कीवी उत्पादन पर नजर

कुमाऊं के विभिन्न जिलों में 150से 180 हेक्टेयर क्षेत्रफल में कीवी की खेती की जा रही है। इनमें अल्मोड़ा व बागेश्वर जिले मुख्य हैं, जहां 300 से 450 मीट्रिक टन उत्पादन हो रहा है। अबकी कीवी का रकबा बढाने की योजना है।

बागवानी के लिए किसानों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। दूनागिरि ही नहीं जिले में किसी भी ब्लाक से फल उत्पादक जरूरत के मुताबिक डिमांड रखेंगे, उन्हें वारदाने उपलब्ध कराए जाएंगे। किसान आवेदन करें और पैकेजिंग का लाभ उठाएं। - युवराज सिंह, मुख्य उद्यान अधिकारी, अल्मोड़ा

यह भी पढ़ें- भारत के अनार और कीवी पहुंचे दुबई, किसानों को घरेलू बाजार से 50% ज्यादा मिले दाम

यह भी पढ़ें- सेब के बाद कीवी करेगा बागवानों को मालामाल, शिमला में 200 रुपये तक मिल रहा भाव; दिल्ली तक सप्लाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।