विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अल्मोड़ा के जंगलों में पक्षियों का अद्भुत संसार, नवंबर में 180 प्रजातियां दर्ज; पर्यटन को नई दिशा

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:48 AM (IST)

अल्मोड़ा अपने समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता के कारण पक्षी पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है।  

कलसिरा बनसुर्रा। सौजन्य वन विभाग

कलसिरा बनसुर्रा। सौजन्य वन विभाग

HighLights

  1. अल्मोड़ा पक्षी पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है।

  2. नवंबर माह में 180 से अधिक पक्षी प्रजातियां दर्ज की गईं।

  3. यह विविधता स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक होगी।

हेमंत बिष्ट, अल्मोड़ा। प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता के लिए पहचान रखने वाला अल्मोड़ा अब पक्षी पर्यटन (बर्ड टूरिज्म) के नए केंद्र के रूप में भी उभर रहा है। जनपद के जंगलों, नदी घाटियों और पहाड़ी क्षेत्रों में पक्षियों की विविध प्रजातियों की मौजूदगी प्रकृति प्रेमियों और पक्षी अवलोकन के शौकीनों को आकर्षित कर रही है।

नवंबर माह में ही मर्चुला, मनिला, बिनसर, रानीखेत, कोसी और शीतलाखेत क्षेत्रों में करीब 180 स्वदेशी पक्षी प्रजातियां दर्ज की गई हैं। पक्षियों की यह विविधता जिले में पर्यटन की नई संभावनाओं को भी विस्तार दे रही है।

अल्मोड़ा की भौगोलिक स्थिति और विविध पारिस्थितिकी यहां पक्षियों के अनुकूल प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराती है। करीब 900 मीटर की ऊंचाई वाली नदी घाटियों से लेकर 2400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले बांज-बुरांश के जंगलों तक फैला यह क्षेत्र पक्षियों के लिए महत्वपूर्ण पारिस्थितिक गलियारे के रूप में जाना जाता है। यहां पक्षियों की मौजूदगी मौसम, तापमान और ऊंचाई के अनुसार बदलती रहती है।

सर्दियों में निचले क्षेत्रों की ओर आते हैं पक्षी

पक्षी विशेषज्ञ सुमित चौहान ने बताया कि नवंबर से मार्च तक चलने वाले शीतकालीन प्रवास के दौरान ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और तापमान में गिरावट के कारण कई पक्षी निचली पहाड़ियों और नदी घाटियों की ओर रुख करते हैं।

birds jagran

इस दौरान कोकलास तीतर, वॉलक्रीपर, रूफस-गॉर्जेटेड फ्लाईकैचर और पिंक-ब्रोड रोजफिंच जैसी प्रजातियां देखने को मिलती हैं। भोजन और अनुकूल वातावरण की तलाश में इनका प्रवास ठंडे वाले क्षेत्रों में होता है।

वहीं, अप्रैल से जुलाई के बीच ग्रीष्मकालीन प्रवास के दौरान तराई और निचली घाटियों से अल्ट्रामरीन फ्लाईकैचर, वर्डिटर फ्लाईकैचर और विभिन्न प्रजातियों के वॉर्बलर प्रजनन के लिए ऊंचाई वाले ठंडे और घने जंगलों की ओर पहुंचते हैं। अप्रैल से जून तक बुरांश के खिलने के साथ फ्लाईकैचर, सनबर्ड और मिनिवेट जैसी रंगीन प्रजातियों की सक्रियता भी बढ़ जाती है।

अल्मोड़ा जनपद में पक्षियों की विविध प्रजातियों की मौजूदगी पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। पक्षी पर्यटन के माध्यम से जिले के पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलेगी। इससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियां बढ़ने की संभावनाएं हैं।

-अभिमन्यु सिंह, उप वन संरक्षक, वन विभाग अल्मोड़ा

यह भी पढ़ें- तमगों की खनक में भी पुराने कचरे की कसक, अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ में सर्वाधिक कचरा... देहरादून और हरिद्वार में सबसे बड़ा बैकलाग

यह भी पढ़ें- देशभर में बढ़ी अल्मोड़ा के वैज्ञानिकों की मंडुवा किस्म वीएल-400 की मांग, कर्नाटक के बाद अब आंध्र प्रदेश ने भी मांगे बीज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।