लगातार पहाड़ी से भूस्खलन से सड़क चार दिन से मार्ग बाधित, लोगों की आफत, कुमाऊं व गढ़वाल के बीच यातायात ठप
अल्मोड़ा के चौखुटिया में भूस्खलन से सड़क चार दिनों से बंद है जिससे कुमाऊं और गढ़वाल के बीच यातायात ठप हो गया है। खीड़ा के पास पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने से मार्ग बाधित है जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। स्कूली बच्चे विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की मांग की है।

जागरण संवाददाता, चौखुटिया। क्षेत्र में रुक-रुक हो रही वर्षा लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। यहां खीड़ा के टंडो-रौ के पास पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन ने लोगों के लिए बड़ी समस्या खड़ी कर दी है।
ऐसे में चौखुटिया-खीड़ा-माईथान-मैहलचौरी मोटर मार्ग में पैदल आवाजाही व वाहनों की रफ्तार थम सी गई है। सोमवार को चौथे दिन भी मार्ग पूरी तरह बंद रहा। इससे कुमाऊं व गढ़वाल क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्कूली बच्चे भी विद्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं। चौखुटिया-खीड़ा-माईथान-मैहलचौरी स्टेट हाईवे अंतर्गत खीड़ा गांव के टंडो-रौ के पास पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन से यह स्थान डेंजर जोन बन गया है।
शुक्रवार शाम को पहाड़ी दरक जाने से सड़क में भारी मात्रा में मलबा आ जाने से मार्ग बाधित हो गया। मलबा हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से दो लेडर मशीनें लगाई गई हैं, लेकिन पहाड़ी से फिर बार-बार मलबा आ जाने से गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
सोमवार को बीच-बीच में हो रही वर्षा से मलबा हटाने के कार्य में व्यवधान आ गया। ऐसे में चौथे दिन भी वाहनों की रफ्तार में ब्रेक लगा रहा तथा पैदल आवाजाही भी ठप है। गढ़वाल की ओर से चौखुटिया को आने वाले लोग खासे परेशान हैं। उन्हें कई किमी घूमकर आना जाना पड़ रहा है।
गांवों का पैदल संपर्क भी चार दिन से कटा है। बच्चे भी स्कूल नहीं पा रहे हैं। सड़क के नीचे रामगंगा नदी से भूकटाव व पहाड़ी से बार-बार भूस्खलन के चलते यह स्थान बीते एक साल डेंजर जोर बना है।
पूर्व प्रधान नारायण सिंह बिष्ट, पूर्व क्षेपं सदस्य माधो सिंह बिष्ट, शोबन सिंह नेगी, राजेंद्र सिंह व लक्ष्मण सिंह नेगी ने मलबा हटाने के लिए पोकलैंड मशीन लगाने व यहां पर स्थायी प्रबंध करने की मांग की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।