अल्मोड़ा के पड्यूला गांव में तीन गुलदारों की सक्रियता से दहशत, ग्रामीणों ने की गश्त बढ़ाने की मांग
अल्मोड़ा के हवालबाग ब्लॉक के पड्यूला गांव में एक महीने में तीन बार तीन गुलदारों को एक साथ देखे जाने ...और पढ़ें
HighLights
पड्यूला में एक साथ तीन गुलदारों की कई बार सक्रियता देखी गई।
रात में घर के बाहर लगे सीसीटीवी में गुलदार कैद हुए।
ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त व सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की।
संवाद सहयोगी, जागरण अल्मोड़ा। हवालबाग ब्लाक के पड्यूला गांव के पास गुलदारों की बढ़ती सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। एक माह के भीतर तीन बार तीन गुलदार एक साथ दिखाई देने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गुलदारों की लगातार आवाजाही से गांव में किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।
पड्यूला गांव के पास एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी में बीते रविवार रात करीब 11:29 बजे तीन गुलदारों की चहलकदमी कैद हुई। फुटेज में तीन गुलदार निर्माणाधीन स्थल के आसपास घूमते दिखाई दे रहे हैं।
सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने सीसीटीवी फुटेज देखी तो घटना की जानकारी सामने आई। एक साथ तीन गुलदार दिखाई देने से क्षेत्र में भय का माहौल और गहरा गया है। ग्रामीण नरेश सिंह बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में गुलदारों की आवाजाही लगातार बनी हुई है।
सुबह और शाम के समय भी गुलदार दिखाई दे रहे हैं, जिससे लोगों को घरों से बाहर निकलने में डर लग रहा है। वहीं, राजेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले करीब तीन वर्षों से क्षेत्र में तीन से चार गुलदार देखे जा रहे हैं।
इसके बावजूद वन विभाग की ओर से नियमित गश्त नहीं की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, गुलदार बीते एक माह में 20 से अधिक मवेशियों को अपना निवाला बना चुके हैं। इससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इधर, वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम आर्या ने बताया कि गुलदारों की सक्रियता वाले संभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा में फर्जी यूटीईटी से नौकरी पाने वाले तीन शिक्षकों पर मुकदमा दर्ज
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में रक्त की कमी, डोनर के बावजूद किशोरी रेफर, ब्लड बैंक पर उठे सवाल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।