अल्मोड़ा में गांजा तस्करों का पुलिस पर हमला, 25 किलो गांजे के साथ तीन गिरफ्तार
भतरौजखान पुलिस और एसओजी ने 25.240 किलोग्राम गांजे के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार हो ...और पढ़ें
-1791637098870_m.webp)
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार गांजा तस्कर
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। भतरौजखान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान 25.240 किलोग्राम गांजे के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपित अंधेरे और घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।
आरोपितों ने बचकर भागने के प्रयास में टीम पर धारदार हथियारों से हमला भी किया, जिसमें पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। मौके से दो पातल बरामद किए गए हैं, जबकि तस्करी में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया गया है। जैनल पुल के पूर्वी किनारे जैनल से देघाट जाने वाले मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोगों को रोकने का प्रयास किया गया। तलाशी में दो पिट्ठू बैग और एक साड़ी के थैले से कुल 25.240 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 6.31 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुख्तयार सिंह निवासी थारी, रामनगर (नैनीताल), गुरमीत सिंह निवासी गौवरा और जसवंत सिंह निवासी इटव्वा, बाजपुर (ऊधम सिंह नगर) के रूप में हुई है। फरार आरोपित जगदीश सिंह निवासी गौवरा, बाजपुर की तलाश की जा रही है।
मामले में थाना भतरौजखान में बीएनएस, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों में जसवंत सिंह और गुरमीत सिंह के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं।
बरामद गांजे के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े संपर्कों की भी जांच की जा रही है। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। जो जारी रहेगा। अभियान में थानाध्यक्ष अवनीश कुमार, एसओजी प्रभारी सुनील धानिक मौजूद थे।
