विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अल्मोड़ा के आठ सीएचसी में स्त्री रोग विशेषज्ञ के पद खाली, गर्भवती महिलाओं की बढ़ी मुश्किलें

By Hemant BishtEdited By: Rahul Chauhan
Published: Fri, 20 Nov 2026 02:51 PM (IST)

अल्मोड़ा के ग्रामीण क्षेत्रों में आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्त्री रोग विशेषज्ञों की कमी से गर्भवती महिलाओं को उपचार में परेशानी हो रही है। उन्हें प्रसव के लिए 42-50 किमी दूर जिला अस्पताल जाना पड़ता है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

हेमंत बिष्ट, जागरण, अल्मोड़ा। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जिले के आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में लंबे समय से स्त्री रोग विशेषज्ञों की तैनाती नहीं हो पाई है।

इससे गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं को उपचार के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रसव के लिए उन्हें करीब 42 से 50 किलोमीटर की दूरी तय कर जिला या बेस अस्पताल पहुंचना पड़ रहा है।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रयास भी प्रभावित हो रहे हैं। ये केंद्र सल्ट, देघाट, द्वाराहाट, धौलादेवी, लमगड़ा, भिकियासैंण समेत अन्य जगहों में है।

आठ सीएचसी में एक-एक पद सृजित

जनपद के आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में वर्ष 2018 में स्त्री रोग विशेषज्ञ के एक-एक पद सृजित किए गए थे, लेकिन अब तक इन पदों पर तैनाती नहीं हो पाई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में प्रसव के दौरान गर्भवती महिलाओं को उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर करना मजबूरी बन जाता है।

इन स्वास्थ्य केंद्रों में संविदा, टेलीमेडिसिन या रोटेशन के आधार पर विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था नहीं है। फिलहाल रेफरल का दबाव कम करने के लिए नियमित जांच की सुविधाएं ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।
315 से अधिक गर्भवतियों को किया रेफर

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक वर्ष में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से 315 से अधिक गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया।

इससे ग्रामीण क्षेत्रों में प्रसव संबंधी स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का असर साफ दिखाई दे रहा है। स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ उपचार की सुविधा नहीं मिलने से दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं को समय और दूरी की परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।

वर्जन
जनपद के आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्त्री रोग विशेषज्ञ के पद खाली पड़े हैं। इन पदों को भरने के लिए शासन को लगातार पत्राचार किया जा रहा है।
डा. राजेश कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अल्मोड़ा।

यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा बेस अस्पताल में 4 करोड़ का बर्न आईसीयू तैयार, झुलसे मरीजों को मिलेगा बेहतर उपचार

यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा में तीन करोड़ की कैथ लैब तैयार, संचालन के लिए नहीं कार्डियोलॉजिस्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।