अल्मोड़ा बेस अस्पताल में 4 करोड़ का बर्न आईसीयू तैयार, झुलसे मरीजों को मिलेगा बेहतर उपचार
अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में 4 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक बर्न आईसीयू वार्ड तैयार हो गया है, जिसमें चार बेड की सुविधा है।

फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
हेमंत बिष्ट, जागरण अल्मोड़ा। वनाग्नि समेत आग की अन्य घटनाओं में झुलसे मरीजों को अब बेस में बेहतर उपचार मिलेगा। अस्पताल में चार करोड़ की लागत से बर्न आईसीयू वार्ड बनकर तैयार हो गया है। बर्न वार्ड बनने से अल्मोड़ा समेत बागेश्वर और पिथौरागढ़ के मरीजों को हल्द्वानी और महानगरों की दौड़ लगाने से निजात मिलेगी। वार्ड में चार बेड की सुविधा होगी।
पहाड़ में अब तक आग से झुलसे मरीजों को केवल प्राथमिक उपचार मिलता था। सुविधाओं के अभाव में मरीजों हायर सेंटर रेफर कर दिया जाता था। पर अब बेस में बर्न आईसीयू वार्ड तैयार कर दिया गया है। वार्ड में चार बेड के साथ बर्न टप की व्यवस्था होगी।
इसके अलावा वेंटिलेटर, मल्टीपैरामीटर मानिटर, केंद्रीय आक्सीजन आपूर्ति और संक्रमण नियंत्रण प्रणाली स्थापित की गई है। यहां झुलसे मरीजों के उपचार के लिए विशेषज्ञ सर्जनों की टीम उपलब्ध रहेगी। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता पड़ने पर ऋषिकेश एम्स समेत हायर सेंटर की दौड़ लगानी होगी।
आग से झुलसने वालों के लिए बनेगी मददगार
पहाड़ में वनाग्नि के दौरान जंगलों की आग बुझाने में वन विभाग के कर्मचारी और अग्नि प्रहरी कई बार झुलस जाते हैं। वहीं, सर्दियों में अंगीठी और हीटर की चपेट में आने से भी झुलसने के मामले सामने आते हैं। ऐसे मरीजों के लिए बर्न आईसीयू महत्वपूर्ण साबित होगा।
आठ नर्सिंग कर्मियों समेत 15 कर्मचारियों की जरूरत
बर्न वार्ड के संचालन के लिए आठ नर्सिंग कर्मियों, चार वार्ड ब्वाय और तीन पैरामेडिकल कर्मचारियों की आवश्यकता है। हालांकि, अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। जल्द ही प्रशिक्षित नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ वार्ड ब्वाय की तैनाती की जाएगी।
समय पर उपचार मिलने से मरीजों को मिलेगी राहत
बर्न आईसीयू शुरू होने से झुलसे मरीजों को प्राथमिक और आवश्यक उपचार के लिए दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इससे मरीजों पर आर्थिक बोझ कम पड़ेगा। समय पर उपचार भी मिलेगा।
अब तक मरीजों को हल्द्वानी और ऋषिकेश एम्स रेफर किया जाता था। लंबी दूरी तय करने में लगने वाले समय के कारण कई बार उपचार में देरी होती थी। स्थानीय स्तर पर बर्न आईसीयू वार्ड की सुविधा मिलने से मरीजों को काफी हद तक राहत मिलेगी।
वर्जन
बर्न आईसीयू वार्ड तैयार हो चुका है। जल्द ही इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे झुलसे मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधाएं मिल सकेंगी।
डॉ. डीसी पुनेरा, चिकित्सा अधीक्षक, बेस अस्पताल अल्मोड़ा
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा में तीन करोड़ की कैथ लैब तैयार, संचालन के लिए नहीं कार्डियोलॉजिस्ट
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों के लिए दो ‘आरोग्य रथ’ को दिखाई हरी झंडी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।