विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Varanasi Weather Update: झूम के बरसे बादल, लबालब हुए कई क्षेत्र; मानसून आने से किसानों को राहत

Published: Sun, 29 Jun 2025 02:16 PM (GMT+05:30)

वाराणसी में मानसूनी द्रोणिका के सामान्य स्थिति में आने से झमाझम बारिश हुई। पिछले 36 घंटों में 59 मिमी वर्षा ...और पढ़ें

36 घंटों में 59 मिमी वर्षा से धरती का आंचल जुड़ाया, निचले इलाकों में भरा पानी, किसान खुश। जागरण
36 घंटों में 59 मिमी वर्षा से धरती का आंचल जुड़ाया, निचले इलाकों में भरा पानी, किसान खुश। जागरण

HighLights

  1. 59 मिमी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव |
  2. बारिश से किसानों के चेहरे खिले |
  3. अगले तीन-चार दिनों तक ऐसा ही मौसम |

जागरण संवाददाता, वाराणसी। मानसूनी द्रोणिका दक्षिण से हटकर उत्तर की ओर बढ़ती हुई शनिवार को अपनी सामान्य स्थिति में आ गई। द्रोणिका के स्थान परिवर्तन के साथ ही शुरू हुई वर्षा ने धरती का आंचल जुडा दिया।

शुक्रवार की सुबह आठ बजे से शनिवार की सुबह आठ बजे तक जहां बीएचयू क्षेत्र में 27 सेमी वर्षा हुई थी, वहीं शनिवार की दोपहर बाद दो बजे से शाम के पांच बजे तक तीन घंटों में 32.4 मिमी पानी गिरा। इससे निचले क्षेत्रों में जलजमाव हो गया और आवागमन में समस्याएं भी उत्पन्न हुईं। वर्षा से किसानों के चेहरे खिल उठे और वे धान की रोपाई में जुट गए। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है अगले तीन-चार दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।

बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मानसूनी द्रोणिका जब राजस्थान के गंगानगर से प्रयागराज, वाराणसी होते हुए कोलकाता तक एक सीध में होती है तो इसे सामान्य स्थिति माना जाता है। ऐसे में द्रोणिका के दक्षिण की ओर जोरदार वर्षा होती है। द्रोणिका इसके पहले दक्षिण में मध्य प्रदेश में थी।

शुक्रवार से यह ऊपर की ओर यानी उत्तर की ओर उठना शुरू हुई इसके निकट आते ही वर्षा का क्रम आरंभ हो गया। शुक्रवार को शाम से रात तक कुल 27 मिमी वर्षा हुई। शनिवार को इसके सामान्य स्थिति में आते ही दोपहर बाद से जो वर्षा आरंभ हुई तो फिर 32.4 मिमी पानी बरसा।

इससे अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई और यह सामान्य से 2.3 डिग्री नीचे 33.6 पर आ गया। न्यूनतम तापमान भी 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और यह सामान्य से 1.1 डिग्री नीचे 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

आधे घंटे बारिश में सारनाथ में जलजमाव

शनिवार की दोपहर में हुई आधे घंटे वर्षा में सारनाथ में कई जगहों पर जल जमाव हो गया। जिससे राहगीरों सहित पर्यटकों को परेशानी हुई। सारनाथ रेलवे स्टेशन परिसर में लगभग एक फीट भरे पानी से राहगीरो को गुजरना पड़ा। चाइनीज बौद्ध मंदिर के सामने नाली ओवर फ्लो होने से सड़क तक बारिश का पानी एकत्र हो गया। बुद्धा सिटी कालोनी वाले मार्ग पर भी जलजमाव रहा। नालियां हल्की बारिश में चोक हो गई हैं।