Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी के इस ज‍िले में बंद होंगी 10 अवैध पार्किंग, संचालकों को भेजा गया नोटिस

    Updated: Thu, 15 May 2025 10:43 PM (IST)

    वाराणसी में अवैध पार्किंग के खिलाफ नगर निगम सख्त हो गया है। शहर में चल रहे अवैध 10 पार्किंग स्थलों को बंद करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। इन पार्किंग स्थलों के संचालकों पर मनमानी वसूली का आरोप है जिससे निगम की आय पर भी असर पड़ रहा है। निगम ने पुलिस से सहयोग मांगा है।

    Hero Image
    अवैध 10 पार्किंग होंगी बंद, संचालकों को नोटिस जारी।

    जागरण संवाददाता, वाराणसी। शहर में अवैध वाहन स्टैंड व पार्किंग की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। अवैध पार्किंग वाले लोगों से मनमानी वसूली कर रहे हैं। इसको लेकर आए-दिन किचकिच भी होती है। नगर निगम की आय पर भी चोट पड़ रही है। अब निगम ने इसे गंभीरता से लिया है। अवैध 10 पार्किंग को बंद करने के लिए संचालकों को नोटिस भेजा है। साथ ही पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लक्सा, गुरुबाग, सिगरा, महमूरगंज, मंडुआडीह, दुर्गाकुंड,भेलूपुरा, लंका, अर्दली बाजार, पांडेयपुर, सारनाथ सहित नए क्षेत्रों में शापिंग कांपलेक्स खुले हैं। इन क्षेत्रों में निगम की ओर पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इसका लाभ प्राइवेट वाहन स्टैंड उठा रहे हैं। निगम से बगैर अनुमति के शहर के विभिन्न इलाकों में धड़ल्ले से वाहन स्टैंड चलाया जा रहा है।

    यही नहीं अवैध तरीके से 100-100 रुपये की वसूली की जा रही है। जबकि नगरीय सीमा में वाहन स्टैंड के लिए निगम की अनुमति अनिवार्य है। इसे देखते सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने लहुराबीर मैदागिन रोड स्थित शिवा वाहन पार्किंग, कैंट स्टेशन के सामने पीलर संख्या 51 व 52, अंधरापुल से कैंट मार्ग पर पीलर संख्या 31 व 34, पुनीत आटो मोबाइल्स के पास, लहुराबीर चौराहे, असि घाट स्थित शकीला रेस्टोरेंट के सामने, रविदास पार्क, रविदास पार्क, छोटा कटिंग, कचहरी के पास पार्किंग को बंद कराने के लिए पुलिस उपायुक्त (यातायात) के अलावा संबंधित थाना प्रभारियों को भी पत्र लिखा है।

    नियमावली से लगाएंगे अवैध पार्किंग पर लगाम

    शहर में कई निजी अस्पताल, स्कूलों व माल के सामने सड़क पर ही अघोषित पार्किंग हैं। निजी संस्थानों के वाहन घंटों सड़कों पर खड़े रहते हैं। इससे आवागमन बाधित होता है। नगर निगम ने इसे गंभीरता से लिया है। इस क्रम में अवैध पार्किंग पर लगाम लगाने के लिए निगम ने एक उपविधि (नियमावली) बनाई है। 17 मई को कार्यकारिणी की बैठक में इस पर भी चर्चा होगी। कार्यकारिणी व सदन की मंजूरी मिलने के बाद स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद ही उपविधि प्रभावी होगी।

    दो करोड़ किया वाहन स्टैंडों का टेंडर

    सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में शहर के विभिन्न स्थानों पर करीब दो करोड़ रुपये में वाहन स्टैंडों का टेंडर किया गया है। इसमें ई-रिक्शा व आटो स्टैंड के लिए 24 स्थलों पर वाहन स्टैंड आवंटित किया गया है।

    निगम के इन स्थानों पर भी वाहन स्टैंड

    दो पहिया : भोजूबीर डिढोरी महाल, जतनवर, ईएसआइओ हास्पिटल

    चार पहिया : भैसासुर

    दो पहिया व चार पहिया (दोनों) : कबीरा कांप्लेक्स, संकट मोचन, कचहरी उत्तरी, कचहरी पश्चिमी, सारनाथ म्यूजिम के पास, हेरिटेज अस्पताल।

    प्राइवेट बस पार्किंग : लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे व सामनेघाट बस व चार पहिया दोनों।