विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में दीपावली की धूम: पिंचू-ड्राप्स और LED झालरों से जगमगाएंगे घर-आंगन, कीमत 40 रुपये से शुरू

Published: Mon, 02 Nov 2026 08:12 PM (IST)

दीपावली के करीब आते ही वाराणसी के बाजारों में विद्युत झालरों और सजावटी लाइटों की रौनक बढ़ गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. वाराणसी में दीपावली के लिए नए झालर उपलब्ध।

  2. पिंचू, ड्राप्स, लिप और डायमंड मल्टी झालर आकर्षण।

  3. कम बजट वाली LED झालरें ग्राहकों की पहली पसंद।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। दीपावली नजदीक आने के साथ ही विद्युत झालरों और सजावटी लाइटों के बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। घर-आंगन को रोशनी से सजाने के लिए बाजार में इस बार कई नए झालर आए हैं। इसमें पिंचू झालर, ड्राप्स लाइट, लिप झालर और डायमंड मल्टी झालर ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं।

वहीं, कमल, मोर और कबूतर की आकृति वाली सजावटी लाइट भी लोगों को पसंद आ रही हैं। बाजार में कम बजट वाली एलईडी झालर ग्राहकों की पहली पसंद बनी हुई है। बड़ी पियरी स्थित इलेक्ट्रिक बाजार में दुकानों पर रंग-बिरंगी रोशनी वाली झालरों और सजावटी लाइटों की भरमार है।

दुकानदारों के मुताबिक, ग्राहक कीमत के साथ रोशनी और टिकाऊपन को भी ध्यान में रखकर खरीदारी कर रहे हैं। कम कीमत में घर को आकर्षक बनाने के विकल्पों की मांग अधिक है।

पिंचू आरजीबी झालर नया आकर्षण

इस बार बाजार में पिंचू आरजीबी झालर नया आकर्षण है। यह फंक्शनल लाइट है, जिसमें एक ही बल्ब में लाल, हरा और नीला रंग जलता है। इसकी 15 मीटर झालर 60 रुपये, 20 मीटर 80 रुपये और 30 मीटर 120 रुपये में उपलब्ध है। वहीं, ड्राप्स लाइट पारदर्शी पाइप में कई रंगों की रोशनी बिखेरती है। इसकी कीमत 100 से 120 रुपये प्रति पीस है।

लिप झालर भी सजावट के लिए पसंद की जा रही है। यह 10 फीट लंबी होती है, जिसमें प्लास्टिक की हरी पत्तियों के साथ 10 लड़ियां लटकती हैं। इनमें जलने वाली रंग-बिरंगी लाइट थोड़ी-थोड़ी देर में रंग बदलती रहती है।

इसकी कीमत 175 रुपये है। डायमंड मल्टी झालर भी ग्राहकों की पसंद बनी हुई है। आठ एमएम के बल्ब वाली 10 मीटर झालर 50 रुपये, 20 मीटर 75 रुपये और 30 मीटर 110 रुपये में मिल रही है।

कमल, मोर और कबूतर की आकृति वाली आई लाइट

सजावटी लाइटों में इस बार शीशे के लैंप भी बाजार में आए हैं। कमल की आकृति वाले लैंप की कीमत 250 रुपये प्रति पीस है, जबकि मोर और कबूतर की आकृति वाले लैंप 100 रुपये प्रति पीस में उपलब्ध हैं। इसके अलावा ऊं, स्वास्तिक, त्रिशूल, दीपक और दिल की आकृति वाली दीया लाइट भी लोगों को पसंद आ रही हैं। इनकी शुरुआती कीमत 130 रुपये प्रति पीस है।

40 रुपये से शुरू हैं एलईडी झालर

कम बजट में सजावट के लिए सिंगल एलईडी लाइट, स्टील एलईडी और वार्म व्हाइट लाइट वाली झालरों की मांग अधिक है। स्टील एलईडी में एक ही रंग की पूरी लड़ी होती है। यह हरे, पीले, नीले और गुलाबी सहित कई रंगों में उपलब्ध है। आठ एमएम के बल्ब वाली 15 मीटर की झालर 40 रुपये, 20 मीटर 55 रुपये और 25 मीटर 70 रुपये में मिल रही है।

सिंगल एलईडी और वार्म व्हाइट लाइट की 15 मीटर झालर 40 रुपये और 20 मीटर वाली 50 रुपये में उपलब्ध है। दुकानदारों के अनुसार, एलईडी झालर कम कीमत में बेहतर रोशनी देने के साथ लंबे समय तक चलती है। इनमें तांबे के मजबूत तार और अपेक्षाकृत बड़े बल्ब होने के कारण रोशनी भी अच्छी रहती है।

स्टीप और वाटरप्रूफ एसएमडी लाइट भी उपलब्ध

बाजार में पांच मीटर लंबी स्टीप लाइट भी उपलब्ध है। यह कई रंगों में जलती है और एडाप्टर से संचालित होती है। इसकी कीमत 200 रुपये है। वहीं, वाटरप्रूफ एसएमडी लाइट बारिश और पानी के संपर्क में भी जल सकती है। इसकी 20 मीटर लंबाई वाली लाइट 450 रुपये और 50 मीटर वाली 750 रुपये में बिक रही है।

यह भी पढ़ें- अलीगढ़: दीपावली पर घर आने में नहीं आएगी दिक्कत, दिल्ली व गाजियाबाद जाएंगी 100 बसें

यह भी पढ़ें- दीपावली और छठ पर हावड़ा तक के लिए विशेष ट्रेन, अलीगढ़ पर रहेगा ये टाइम टेबल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।