एयर शो के दौरान आसमान में गरजा राफेल और तेजस, अब 24-25 अक्टूबर को दिखेगा वायुसेना का शौर्य
वाराणसी में 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो अब 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होगा, जिसमें राफेल, तेजस सहित विभिन्न वायुसेना के विमानों का प्रदर्शन होगा।
-1792689319095_m.webp)
एयर शो के दौरान आसमान में गरजा राफेल और तेजस।
HighLights
एयर शो अब 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होगा।
राफेल, तेजस, सुखोई-30 जैसे विमानों का प्रदर्शन होगा।
नमो घाट पर वायुसेना की क्षमताएं प्रदर्शित होंगी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भारतीय वायुसेना का ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो अब शनिवार और रविवार को आयोजित होगा। 22 अक्टूबर को पहले प्रदर्शन के बाद 23 अक्टूबर को स्नातक व शिक्षक विधान परिषद सदस्य निर्वाचन के लिए मतदान दिवस होने के कारण शो बंद रहेगा। अब 24 और 25 अक्टूबर को गंगा के ऊपर विमानों का रोमांचक प्रदर्शन देखने का अवसर मिलेगा। दोनों दिन आयोजन का प्रमुख केंद्र नमो घाट रहेगा।
एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस सहित विभिन्न विमानों के प्रदर्शन प्रस्तावित हैं। सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम अपने विमानों के सटीक तालमेल और सामूहिक उड़ान का प्रदर्शन करेगी, जबकि सारंग हेलीकाप्टर डिस्प्ले टीम भी करतब दिखाएगी। आयोजन में परिवहन विमानों और हेलीकाप्टरों की भागीदारी के साथ भारतीय वायुसेना की विविध परिचालन क्षमताओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
आसमान में गड़गड़ाहट के बीच हवा को चीरकर आगे बढ़ता मिराज-2000 और आंखों के सामने एक याद बनकर गुजर गईं कारगिल की चोटियां। दर्शक दीर्घा में बैठे कारगिल के वीर अजय कुमार सिंह के लिए यह महज एयर शो नहीं था, बल्कि यादों का ऐसा पुलिंदा था, जिसमें थलसेना के साथ वायुसेना के शौर्य के किस्से जुड़े थे।
इन घटनाओं को न जाने कितनी बार याद करते हुए उनकी आंखें नम हुई होंगी, लेकिन गुरुवार को नमो घाट पर मिराज-2000 को देखकर आंखों में नमी के साथ चेहरे पर चमक और सुकून भी था। आसमान में विमान की हर गर्जना मानो उन्हें उन दिनों में ले जा रही थी, जब देश की रक्षा के लिए जवान दुर्गम पहाड़ियों पर मोर्चा संभाले हुए थे।
