वाराणसी एयर शो का पहला दिन रहा ऐतिहासिक, आसमान में वायुसेना के शौर्य को देखने के लिए जमीन पर उमड़ा सैलाब
वाराणसी एयर शो के पहले दिन भारतीय वायुसेना ने आसमान में शौर्य का प्रदर्शन किया, जिसमें लड़ाकू विमानों और स्वदेशी हेलीकॉप्टर की पुष्पवर्षा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अवधूत भगवान राम समाधि स्थल के पास एयर शो देखने के लिए उमड़ी भीड़।
HighLights
भारतीय वायुसेना ने वाराणसी एयर शो में आसमान में शौर्य दिखाया।
लड़ाकू विमानों की गर्जना और हेलीकॉप्टर की पुष्पवर्षा ने दर्शकों को रोमांचित किया।
एक लाख से अधिक की भीड़ ने यातायात और प्रबंधन को चुनौती दी।
जागरण संवाददाता, चंदौली। वाराणसी में भारतीय वायुसेना के एयर शो के पहले दिन गुरुवार को आसमान में शौर्य का प्रदर्शन हुआ तो जमीन पर उत्साह उमड़ा रहा। लड़ाकू विमानों की गर्जना और हैरतअंगेज करतब ने लोगों को रोमांचित किया। वहीं मेक इन इंडिया के तहत बने हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा ने आयोजन को खास बना दिया। तिरंगा लहराते लोग देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आए।
एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ संभालने के लिए पांच हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई। हालांकि लोगों के उत्साह के बीच यातायात और भीड़ प्रबंधन प्रशासन व रेलवे के लिए बड़ी चुनौती बना रहा। एयर शो देखने के लिए पूर्वांचल के साथ बिहार, झारखंड व पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
परिवार के साथ आए बच्चों में विमानों का प्रदर्शन देखने को लेकर खास उत्सुकता रही। आसमान में लड़ाकू विमानों की कलाबाजियों के बीच हेलीकाप्टर से हुई पुष्पवर्षा ने लोगों का ध्यान खींचा। स्वदेशी तकनीक से बने हेलीकाप्टर के प्रदर्शन ने लोगों में देश की सैन्य क्षमता के प्रति गर्व का भाव जगाया।

जंक्शन से सड़क तक सुरक्षा का पहरा
एयर शो का असर पीडीडीयू जंक्शन से पड़ाव तक दिखाई दिया। आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने रेल मार्ग का सहारा लिया, जिससे जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। प्लेटफार्मों, प्रवेश-निकास द्वारों और सर्कुलेटिंग एरिया में भीड़ नियंत्रित रखना रेलवे के लिए चुनौती रहा। स्टेशन से सड़क तक पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद रहीं।

लाउडस्पीकर से पार्किंग की ओर भेजे गए लोग
प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने लाउडस्पीकर से लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थलों की ओर जाने के निर्देश दिए। सड़क मार्ग पर प्रतिबंधों के चलते लोगों को अपनी दिनचर्या में भी बदलाव करना पड़ा। भीड़ को व्यवस्थित रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बल लगातार निगरानी करते रहे।
सवारी गाड़ियों की कमी ने बढ़ाई परेशानी
एयर शो के कारण यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के बीच सवारी गाड़ियों की कमी भी खली। सामान्य यात्रियों और आयोजन देखने जाने वालों की बढ़ी आवाजाही से यात्री प्रबंधन पर दबाव रहा। पहले दिन की व्यवस्थाओं के बाद दूसरे दिन भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और यात्रियों की सुविधा बनाए रखना प्रशासन व रेलवे के लिए अहम होगा। आसमान में वायुसेना के शौर्य ने लोगों को रोमांचित किया तो जमीन पर उमड़ी भीड़ ने व्यवस्था की क्षमता की परीक्षा ली।
