वाराणसी एयर शो: रेड जोन होगा नमो घाट का 5 KM का दायरा, ड्रोन उड़ाने पर रहेगा प्रतिबंध
भारतीय वायुसेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ पर वाराणसी के नमो घाट पर होने वाले एयर शो के लिए सुरक्षा कड़ी की गई है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
नमो घाट पर वायुसेना एयर शो के लिए सुरक्षा कड़ी।
5 किमी का क्षेत्र अस्थायी रेड जोन घोषित, ड्रोन प्रतिबंधित।
अनाधिकृत हवाई गतिविधियों रोकने और सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भारतीय वायुसेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ पर नमो घाट में 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
वायु क्षेत्र की सुरक्षा के लिए नमो घाट के आसपास पांच किमी. के दायरे को अस्थायी रेड जोन रहेगा। यहां सभी प्रकार के ड्रोन और मानव रहित विमान प्रणालियों (यूएएस) के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा।
अपर पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरि मीणा ने बताया कि ड्रोन नियमावली-2021 के नियम 24(2) के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। कहा कि नमो घाट को केंद्र मानकर सुरक्षा दायरा का क्षेत्र निर्धारित किया गया है। इस क्षेत्र में किसी व्यक्ति, संस्था या अन्य इकाई को ड्रोन अथवा मानव रहित विमान प्रणाली संचालित करने की अनुमति नहीं होगी।
प्रतिबंध में दूरस्थ रूप से संचालित विमान, क्वाडकॉप्टर, हेक्साकॉप्टर और नैनो, माइक्रो, स्माल, मीडियम व लार्ज श्रेणी के सभी ड्रोन शामिल हैं। बताया कि आदेश का उद्देश्य अनधिकृत हवाई गतिविधियां रोकना और विशिष्ट महानुभावों व आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस ने स्थानीय निवासियों, ड्रोन संचालकों, फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी से जुड़े लोगों, मीडिया प्रतिनिधियों और संस्थानों से प्रतिबंध का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- वाराणसी में राम-रावण युद्ध से पहले हाथी ने मचाया उत्पात, 1971 के युद्ध और कोरोना के बाद पहली बार रुकी रामलीला
