UP Weather Today: पुरवा हवा से थमेगी तापमान में गिरावट, पूर्वांचल में घने कोहरे के आसार
हवा की दिशा बदलने से तापमान में गिरावट रुकने के आसार हैं, जिससे पुरवा हवाओं के कारण वातावरण में नमी बढ़ेगी। इससे पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में अगले 48 घंटों में घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित होगी।

वाराणसी में बदलने वाला है मौसम। जागरण
HighLights
हवा की दिशा बदलने से तापमान में गिरावट रुकेगी।
पुरवा हवाओं के प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ेगी।
पूर्वांचल में अगले 48 घंटों में घना कोहरा छाएगा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। हवा की दिशा बदलने से तापमान में गिरावट का क्रम थमने के आसार हैं। सतह पर चल रही शुष्क और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं की दिशा बदलकर पुरवा होने से तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि पुरवा हवाओं के प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ेगी, जिससे कोहरे का घनत्व बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसमी तंत्र नहीं है। पूर्वानुमान के अनुसार अगले 48 घंटों में प्रदेश के तराई क्षेत्रों और पूर्वांचल के कुछ जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है। सुबह के समय प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर रह सकता है।
इससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित होने और आवागमन में सावधानी बरतने की जरूरत है। शनिवार को वाराणसी में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है।