'काशी की तरह अविनाशी है भाजपा, उत्तर प्रदेश में लगाएंगे हैट्रिक'; वाराणसी में बोले सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में भाजपा को काशी की तरह अविनाशी बताते हुए यूपी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक का दावा किया।
-1795897683432_m.webp)
वाराणसी में शनिवार को नमो घाट पर आयोजित काशी तमिल संगमम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
HighLights
भाजपा काशी की तरह अविनाशी, यूपी में हैट्रिक लगाएंगे।
अखिलेश को अयोध्या जाने से पहले रामभक्तों से माफी मांगनी चाहिए।
यूपी में स्टार्टअप 120 से बढ़कर 25 हजार से अधिक हुए।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा को 'अंगद का पांव' बताकर विधानसभा चुनाव में जीत का भरोसा दिलाया था तो शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा को काशी की तरह अविनाशी बताते हुए जीत की हैट-ट्रिक लगाने का दावा किया।
मुख्यमंत्री नमो घाट पर एक टीवी चैनल से बातचीत में प्रदेश की राजनीति, 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों और विधानसभा चुनाव की रणनीति पर अपनी बात रख रहे थे। इस दौरान अखिलेश यादव के अयोध्या जाने की चर्चा पर कहा कि वह चाहते हैं कि सपा प्रमुख उनकी पिच पर आकर खेलें। दो नावों की सवारी नाविक को हमेशा डुबोती है।
वह चाहते हैं कि चुनाव से पहले अखिलेश दो नावों की सवारी करें। राम मंदिर आंदोलन का विरोध करने वाले अब किस मुंह से अयोध्या जाएंगे। उन्हें अयोध्या जाने के साथ रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय राजनीति में भाजपा काशी की तरह ही अविनाशी है। 2024 के लोकसभा चुनाव में संविधान और आरक्षण खत्म होने जैसी अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई।
चुनाव के बाद लोगों को अहसास हुआ कि उनके साथ छल हुआ है। प्रदेश में युवाओं के आंदोलन और किसानों के विरोध-प्रदर्शन नहीं होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश करीब 26 करोड़ की आबादी वाला देश का सबसे बड़ा राज्य है। यहां सबसे अधिक विद्यार्थी और युवा हैं। इसके बावजूद प्रदेश में जेन-जी का कोई बड़ा आंदोलन या किसानों का विरोध-प्रदर्शन नहीं हुआ।
इसका कारण यह है कि जिन लोगों ने पिछली सरकारों का दौर देखा है, उन्हें अब आसानी से गुमराह नहीं किया जा सकता। दूध का जला छाछ भी फूंक-फूंककर पीता है। सपा-कांग्रेस पर उपद्रव, तोड़फोड़, लूट, कब्जे और कर्फ्यू की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब ऐसा माहौल दोबारा नहीं बनने देगी।
सपा के घोषणा पत्र पर निशाना साधते हुए कहा कि करीब चार लाख करोड़ रुपये की घोषणाएं की गई हैं, लेकिन इन्हें पूरा करने के लिए राजस्व स्रोत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। सपा सरकार के समय प्रदेश का बजट ही तीन लाख करोड़ रुपये था। भाजपा सरकार युवाओं को बेरोजगार नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें स्थायी कौशल देकर आत्मनिर्भर बनाना चाहती है।
दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश में महज 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 25 हजार से अधिक हो गई है। उप्र विधानसभा चुनाव में चंद्रशेखर के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में हर दल को चुनाव लड़ने का पूरा अधिकार है।
ओवैसी हो या फिर उनका गठबंधन, कांग्रेस और सपा, एक साथ लड़ें या अलग होकर उतरें, प्रदेश की जनता इन सबके चाल और चेहरे को जानती है। सीएम ने आगे कहा कि हमने ओवैसी से कहा है कि आप यहां आए हैं तो हैदराबाद को भाग्यलक्ष्मीपुरम बनाकर उन्हें तोहफा देंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।