काशी तमिल संगमम् में उपराष्ट्रपति ने की CM योगी की सराहना, कहा- यूपी में महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने काशी तमिल संगमम् में सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना की, कहा कि यूपी में रामराज्य स्थापित हुआ है और महिलाएं सुरक्षित हैं।

वाराणसी में शनिवार को नमो घाट पर आयोजित काशी तमिल संगमम के उद्घाटन सत्र के दौरान मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन रिमोट से संगमम का शुभरम्भ करते हुए । जागरण
HighLights
उपराष्ट्रपति ने सीएम योगी के नेतृत्व और यूपी में रामराज्य की सराहना की।
उत्तर प्रदेश देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, महिलाएं सुरक्षित महसूस करती हैं।
काशी तमिल संगमम् भारत की एकता का सांस्कृतिक सेतु है।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उप्र में न केवल भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है, बल्कि ‘रामराज्य’ की स्थापना भी हुई है। आज हर गली में महिलाएं बिना किसी भय के आ-जा सकती हैं। प्रदेश पिछड़ेपन की स्थिति से निकलकर शिखर पर पहुंचा है और देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
नमो घाट पर काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण के उद्घाटन समारोह को तमिल भाषा में संबोधित करते हुए राधाकृष्णन ने कहा कि भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में उप्र का योगदान नौ प्रतिशत है और राज्य 2029 की समय सीमा से पहले एक ट्रिलियन (एक हजार अरब) डालर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित थे।
उप राष्ट्रपति ने कहा कि केंद्र में भारत के पास ‘कर्मयोगी प्रधानमंत्री’ और उप्र में ‘अनासक्त भगवाधारी योगी’ हैं, जो कहते हैं-मुझे अपने लिए कुछ नहीं चाहिए। उन्होंने याद किया कि 1998 में वह और योगी आदित्यनाथ संसद में आसपास बैठा करते थे, तब एक-दूसरे के भाषण बड़े स्नेह से सुनते थे।
कहा कि तमिलनाडु में जिस तरह कामराज (तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री जिनकी राजनीति जनकल्याण, सादगी, संगठन को मजबूत करने और सत्ता के बजाय सेवा को प्राथमिकता देने पर आधारित थी) थे, उसी तरह उप्र के लिए योगी महाराज हैं। काशी तमिल संगमम् का पांचवां संस्करण संत तिरुवल्लुवर और उनकी अमर रचना ‘तिरुक्कुरल’ को समर्पित है।
यह केवल तमिल भाषियों की विरासत नहीं, पूरी मानवता की धरोहर है। चेन्नई स्थित केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान ने 10 विदेशी भाषाओं सहित 50 भाषाओं में तिरुक्कुरल के अनुवाद प्रकाशित कराने में मदद की है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि भारत की एकता अंग्रेजों के आने के बाद नहीं, बल्कि प्राचीन काल से रही है। काशी-रामेश्वरम, चारों धाम और 12 ज्योतिर्लिंग इसके प्रमाण हैं। संगमम् में इस बार तमिलनाडु से 1400 प्रतिनिधि आए हैं। 'तिरुक्कुरल पालम' थीम के तहत 1330 द्विपदियों का अध्ययन एक हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों में होगा। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन के समापन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे।
नक्शे से नहीं, दिलों को जोड़ने वाले पुलों से बनता है राष्ट्र: योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्र किसी एक नक्शे से नहीं बनता, बल्कि उन पुलों से बनता है, जो एक हृदय को दूसरे हृदय से जोड़ते हैं। काशी तमिल संगमम् ऐसा ही सांस्कृतिक सेतु है, जो उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सदियों पुराने संबंधों को नई मजबूती दे रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प को यह आयोजन साकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि नव्य भव्य श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद चार वर्षों में 26 करोड़ से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें करीब 70 प्रतिशत दक्षिण भारत के थे। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हुआ।
कभी 'बीमारू' राज्य कहलाने वाला उप्र अब देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीएचयू में आयोजित सीआइआइ बनारस बिनाले के उद्घाटन के अवसर पर कहा कि संस्कृति और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे की पूरक हैं। कभी 'बीमारू' (पिछड़ा) राज्य माना जाने वाला उत्तर प्रदेश अब भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन गया है। बीमारू 1980 के दशक के मध्य में बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अंग्रेजी नामों के शुरुआती अक्षरों से मिलकर बना था। उस समय इन राज्यों को देश के सबसे गरीब राज्यों में गिना जाता था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी से लेकर 2017 तक प्रदेश में 14 हजार बड़े कारखाने स्थापित हुए थे। इसके मुकाबले 2017 से 2026 के बीच राज्य में 35 हजार बड़े कारखाने स्थापित किए गए। हमने केवल 10 वर्षों में वह उपलब्धि हासिल की है, जिसे पाने में पहले 70 वर्ष लगे। इससे साबित होता है कि जब नीयत साफ और नीतियां स्पष्ट होती हैं तो नियंता भी अपनी कृपा बरसाने में संकोच नहीं करते।
उत्तर प्रदेश आज इसका प्रमुख उदाहरण है। उन्होंने कहा कि नौ वर्ष पहले अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टालरेंस की जो नीति अपनाई गई थी, वह आज भी पूरी मजबूती से लागू है। 'एक जिला, एक उत्पाद' योजना के माध्यम से प्रदेश के पारंपरिक उद्यमों को वैश्विक पहचान मिल रही है।
यह भी पढ़ें- हरदोई: समय पर वोटर ID पहुंचाने के लिए डाक विभाग की स्पेशल व्यवस्था, 8 दिन में बांटे 15218 कार्ड
अब सरकार 'एक जिला, एक व्यंजन' की अवधारणा पर भी आगे बढ़ी है। 'एक जिला, एक मेडिकल कालेज' का लक्ष्य हासिल करने के बाद प्रदेश अब तेजी से 'एक जिला, एक विश्वविद्यालय' के उद्देश्य की ओर बढ़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।