UP MLC Election 2022 : गाजीपुर से सपा का समर्थन पाकर बोले मदन यादव - 'सरकार चाहे हमें बर्बाद कर दे, झुकेंगे नहीं'
UP MLC Election 2022 गाजीपुर जिले से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलकर गाजीपुर लौटे एमएलसी प्रत्याशी मदन सिंह यादव ने कहा कि सरकार चाहे जितना दबाव बनाए उनका हौसला प्रभावित होने वाला नहीं है।

गाजीपुर, जागरण संवाददाता। जिले में चुनाव लड़ने से सपा उम्मीदवार के हाथ खींचने के बाद पुलिस निर्दल उम्मीदवार के पीछे बिना किसी अपराध के पड़ गई थी। अब उनके नाम वापसी के बाद भी मैदान में टिके रहने के बाद सत्ता पक्ष के प्रभाव में आकर छापेमारी करने के बाद पुलिस भी बदनामी के डर से अपने हाथ पैर समेट चुकी है। अब सपा-सुभासपा और मुख्तार के परिवार से निर्दल से सपा उम्मीदवार बने मदन सिंह को जिताने के लिए प्रचार शुरू कर दिया गया है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलकर गाजीपुर लौटे एमएलसी प्रत्याशी मदन सिंह यादव ने कहा कि सरकार चाहे जितना दमन कर लें, उन्हें बर्बाद कर दे, लेकिन वह पूंजीवादी ताकतों के सामने झुकेंगे नहीं। इस चुनाव में भी पूंजीवादी ताकत हारेगी और समाजवाद जीतेगा। लखनऊ से लौटने के बाद रविवार को वह पार्टी के जिला कार्यालय लोहिया भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
निर्दल प्रत्याशी के रूप में एमएलसी चुनाव का पर्चा भरने वाले प्रधानसंघ के जिलाध्यक्ष मदन सिंह यादव उस समय चर्चा में आ गए जब सपा के अधिकृत प्रत्याशी पंडित भोलानाथ शुक्ला के पर्चा वापसी के बाद पुलिस उनकी तलाश करने लगी। अपने प्रत्याशी के धोखा देने के बाद सपा ने निर्दल मदन सिंह यादव को हाथाें-हाथ लिया। सपा आरोप था कि सरकार के दबाव में जिला प्रशासन मदन सिंह यादव को नामांकन वापस कराने के लिए ढूंढता रहा, ताकि भाजपा प्रत्याशी के निर्दल एमएलसी बनने का सपना साकार हो सके, लेकिन उनके मंसूबे पर पानी फिर गया। पुलिस उन्हें ढूंढती रह गई अौर मदन सिंह सपा नेताओं के संरक्षण में शनिवार को लखनऊ सपा मुख्यालय पहुंच गए। पार्टी ने उन्हें अपना अधिकृत एमएलसी प्रत्याशी घोषित किया।
इसके बाद वह रविवार को गाजीपुर लौटे। लोहिया भवन में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताअों ने एमएलसी चुनाव जीतने का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा कि विधान परिषद के चुनाव को भाजपा शासन -सत्ता,धनबल और बाहुबल के सहारे जीतना चाहती है, लेकिन समाजवादी पार्टी उनके इस मंसूबे को कत्तई पूरा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि शासन सत्ता से टकराना हमारी फितरत रहीं है, हम शासन सत्ता के दबाव में कभी झुके नहीं है। कहा कि इस चुनाव में पूंजीवादी ताकतों की साजिश के चलते धोखा हुआ है, लेकिन धोखा देने वालों को उनका यह दांव उल्टा पड़ गया है। धोखा खाया हुआ हमारा कार्यकर्ता उठ खड़ा हुआ है।
इस चुनाव में भाजपा को हराने के लिए कार्यकर्ताओं ने कमर कस लिया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव हमारे लिए चुनौती बन गई है। हम इस चुनौती को भी पार करेंगे। उम्मीदवार मदन यादव ने पार्टी का प्रत्याशी बनाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा हम दल के भरोसे पर शत-प्रतिशत खरा उतरने का काम करूंगा। बैठक में मुख्य रूप से धर्मदेव यादव, रामाधार यादव, डा.खालिद, खेदन यादव, संतोष कुशवाहा, मन्नू सिंह, अरुण कुमार श्रीवास्तव, गोवर्धन यादव, तहसीन अहमद, राजेंद्र यादव, रविंद्र प्रताप यादव, लाल जी गुप्ता, सत्येन्द्र यादव सत्या, गोपाल यादव, मार्कंडेय यादव, राजकुमार पांडेय, परशुराम बिंद, राजेश यादव, हुकूम यादव व अरविंद यादव आदि थे। संचालन जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल विश्वकर्मा और नगर अध्यक्ष दिनेश यादव ने संयुक्त रूप से किया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।