Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी विधानसभा चुनाव 2022 : वाराणसी के छह विधानसभा सीटों पर भाजपा ने घोषित किए प्रत्याशी, पुरनियों पर दांव

    By Saurabh ChakravartyEdited By:
    Updated: Mon, 07 Feb 2022 12:13 AM (IST)

    UP Vidhan Sabha Chunav 2022 भारतीय जनता पार्टी ने रविवार देर रात पूर्वांचल के दस जिलों की 26 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। इसमें प्रधानमंत्री नरेन ...और पढ़ें

    Hero Image
    UP Chunav 2022: भाजपा ने वाराणसी की आठ विधानसभा सीटों में से छह पर प्रत्याशी घोषित किए गए हैं।

    जागरण संवाददाता, वाराणसी : भारतीय जनता पार्टी ने रविवार देर रात पूर्वांचल के दस जिलों की 26 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र समेत वाराणसी की आठ विधानसभा सीटों में से छह पर प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। संगठन ने शहर की तीन समेत पांच सीटों पर निवर्तमान विधायकों पर भरोसा जताया है। इसमें तीन मंत्री भी हैं। अजगरा सीट पर बसपा से आए पूर्व विधायक टी राम पर पार्टी ने दांव खेला है। वर्ष 2017 में यह सीट गठबंधन में सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के पास थी। इस बार सुभासपा ने सपा का दामन थाम लिया है। लिहाजा, भाजपा ने अजगरा सीट पर अपना प्रत्याशी उतारा है। राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह की ओर से जारी सूची के अनुसार शहर दक्षिणी से डा. नीलकंठ तिवारी, शहर उत्तरी से रवींद्र जायसवाल, कैंट से सौरभ श्रीवास्तव, शिवपुर से अनिल राजभर व पिंडरा से डा. अवधेश सिंह को फिर टिकट दिया गया है। रोहनिया व सेवापुरी विस सीट पर प्रत्याशियों की घोषणा का अभी इंतजार है। माना जा रहा है कि इन दोनों सीटों को लेकर गठबंधन सहयोगी अपना दल एस के साथ वार्ता चल रही है। पिछली बार रोहनिया सीट भाजपा के पास और सेवापुरी अपना दल के खाते में थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आधी आबादी को जोड़ रही कमल सखी मंडली

    सर्द मौसम में चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। मैदान में उतरा हर दल ऐढ़ी-चोटी का जोर लगा रहा है। जहां पहले जातिगत समीकरण को साधते हुए संगठनों की ओर से रणनीति बनाई जाती रही है तो इस बार मामला कुछ इतर नजर आ रहा है। आधी आबादी को जोडऩे में ज्यादा फोकस किया जा रहा है। इस क्रम में भाजपा ने भी हर बार से अलग रणनीति बनाई है। संगठन के महिला मोर्चा पर बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। नाम कमल सखी मंडली दिया गया है। गांव से लेकर शहर के वार्डों तक संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की निगरानी क्षेत्रीय अध्यक्ष महेशचंद श्रीवास्तव कर रहे हैं। कमल सखी मंडली दोपहरी में हर दरवाजे पहुंच रही है। यह वक्त महिलाओं के लिए थोड़ी फुर्सत का रहता है। मंडली घर तक पहुंचकर पर्याप्त समय दे रही है। मोहल्ले, टोले की महिलाओं को बुलाकर केंद्र व प्रदेश सरकार के विकास कार्यों से अवगत कराया जा रहा है। महिला हितों से जुड़े कार्यों पर चर्चा हो रही है। पंफलेट, स्टीकर, झंडा आदि का वितरण हो रहा है।