देव दीपावली पर दीपों के महासागर में उतरी देवत्व की आभा, काशी में साकार हुआ स्वर्ग
काशी में देव दीपावली का महापर्व 21 लाख दीपों से जगमगा उठा, जहां गंगा के घाटों पर आस्था और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने इस स्वर्गीय छटा का अनुभव किया, जिसमें लेजर शो, ड्रोन प्रदर्शन और देशभक्ति संदेशों ने उत्सव को और भव्य बना दिया।

देव दीपावली पर काशी में 21 लाख दीपों से जगमगाए घाट, स्वर्ग सा नज़ारा।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, वाराणसी। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीप, घाटों की सीढ़ियों पर उतरता प्रकाश और आकाश में पूर्णिमा के चंद्रमा की धवल चांदनी। देवों की नगरी काशी में मंगलवार को आस्था और आध्यात्मिकता का ऐसा अद्भुत संगम साकार हुआ कि लगा, स्वर्ग स्वयं धरती पर उतर आया हो।
उत्तरवाहिनी जाह्नवी ने 21 लाख दीपों का स्वर्णिम चंद्रहार धारण किया तो उसके तट पर बसी सनातन संस्कृति की प्राचीन नगरी देवलोक-सी दमक उठी। भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर के संहार के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले देव दीपावली के इस महापर्व की अलौकिक छटा निहारने देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचे। घाटों से लेकर गंगा की लहरों पर सजे बजड़ों तक और उस पार रेती में भी हर ओर दीपों का उजास और हर-हर महादेव का उद्घोष गूंजता रहा।
प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सूर्यास्त के साथ नमो घाट पर दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। उधर, पंचगंगा घाट पर रामानंद संप्रदाय की शीर्ष आचार्यपीठ श्रीमठ के जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामनरेशाचार्य के नामित उत्तराधिकारी स्वामी राघव दास महाराज ने महारानी अहिल्याबाई होल्कर द्वारा स्थापित हजारा दीप स्तंभ का विधिवत पूजन कर दीप प्रज्वलित किया।
यह भी पढ़ें : Dev Deepawali 2026 : काशी में शहर ही नहीं गंगा में भी ट्रैफिक जाम की नौबत, अनोखे जलउत्सव में उमड़ा देश
फिर तो बटुकों ने हजारा दीप स्तंभ को प्रज्वलित कर प्रकाश पर्व की प्राचीन परंपरा को जीवंत कर दिया। इसके साथ ही दीपों की अविरल शृंखला लगभग आठ किलोमीटर तक विस्तृत गंगा के 86 अर्धचंद्राकार घाटों पर फैलती चली गई। मिट्टी और गोबर से बने लाखों छोटे-छोटे दीपों की टिमटिमाती लौ ने गंगा तट पर प्रकाश का अनुपम वितान रच दिया।
महादेव की नगरी का कोई कोना इस उल्लास से अछूता नहीं रहा। घाटों, मंदिरों, कुंडों और तालाबों तक दीपोत्सव की छटा बिखरी रही। दोपहर से ही श्रद्धालु दीप सजाने और प्रज्वलित करने में जुट गए थे। महिलाओं ने गंगा जल से घाटों की सीढ़ियां धोकर सिंदूर से पूजन किया और दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि व अखंड सौभाग्य की कामना की। साधु-संतों और विभिन्न समितियों ने भी लोककल्याण की कामना से दीप प्रज्वलित किए। असि घाट से लेकर राजघाट तक गंगा का आंचल दीपों की असंख्य लड़ियों से जगमगाता रहा।
दशाश्वमेध घाट एवं आस-पास के घाटों को 21 क्विंटल फूल-मालाओं व 51 हजार दीपों से प्रकाशित किया गया। 20 फीट ऊंची भव्य अमर जवान ज्योति की अनुकृति श्रद्धालुओं को देशभक्ति कि प्रेरणा दे रही थी। धर्म, राष्ट्रीयता और सामाजिक सरोकारों का संदेश देती आरती इस बार भी बलिदानी वीर जवानों के शौर्य को समर्पित रही। 21 अर्चकों ने मंत्रोच्चार के बीच आरती की तो 42 कन्याओं ने चंवर डुलाकर सृष्टि के मंगल की कामना की। घंटा-घड़ियाल, डमरू और शंखनाद से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। कार्तिक मास भर बलिदानियों की स्मृति में प्रज्वलित आकाशदीपों की परंपरा भी इस दिन अपने चरम पर दिखाई दी।
राजा चेतसिंह घाट पर लेजर शो और गंगा पार ग्रीन फायर क्रैकर्स की रोशनी ने जलराशि में इंद्रधनुषी छटा बिखेरी। अहिल्याबाई घाट पर फूलों के बंदनवार सजे तो राजघाट दीपों की लयबद्ध शृंखला से दमक उठा। चौसट्ठी घाट पर दीपों से उकेरी गई आकृतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। राणा महल घाट पर दीपों से स्वच्छता का संदेश दिया गया, जबकि जैन घाट पर 5100 दीपों से बनी अल्पना के माध्यम से 'जियो और जीने दो' का संदेश प्रसारित हुआ।
प्रभु घाट पर सेवन डेज फाउंडेशन की ओर से दीपों की शृंखलाओं में भारतीय वायुशक्ति, साहस, शौर्य और राष्ट्रीय गौरव को उकेरा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता को भी रंगोली और दीपों के माध्यम से श्रद्धांजलि दी गई। गंजारी स्टेडियम और पर्यावरण संरक्षण के संदेश देती रंगोलियां भी आकर्षण का केंद्र बनीं। काशी विश्वनाथ धाम फूलों और विद्युत प्रकाश से स्वर्णिम आभा बिखेरता रहा। ललिता घाट गंगा द्वार को दीपों से सजाया गया था।
गंगा में सजी नौकाओं और फूलों-गुब्बारों से सजे बजड़ों पर सवार होकर पर्यटक इस अलौकिक दृश्य को निहारते रहे। 2100 ड्रोन एक साथ उड़े और आतिशबाजियों की छटा जब बिखरी तो लोगों का कौतूहल चरम पर जा पहुंचा। कहीं-कहीं घाटों पर बाढ़ के पानी और सिल्ट के कारण सीढ़ियां संकरी होने से कुछ असुविधा जरूर हुई, लेकिन दीपों के आध्यात्मिक प्रकाश ने श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं होने दिया। गंगा की लहरों से लेकर घाटों की सीढ़ियों तक फैला यह प्रकाश पर्व काशी की सनातन परंपरा, आस्था और सांस्कृतिक वैभव का अविस्मरणीय दृश्य बन गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।