Dev Deepawali 2026 : काशी में शहर ही नहीं गंगा में भी ट्रैफिक जाम की नौबत, अनोखे जलउत्सव में उमड़ा देश
काशी में देव दीपावली पर गंगा के 86 घाट 11 लाख दीपों से जगमगा उठे, जिससे पूरा विश्व आलोकित हो उठा। लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ उमड़ी, जिससे गंगा में भी ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बन गई, यह अद्भुत नजारा देखने लायक था।

काशी में देव दीपावली पर 11 लाख दीपों से जगमगाए गंगा घाट अद्भुत छटा।
HighLights
काशी के 86 गंगा घाट 11 लाख दीपों से रोशन हुए।
लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने देव दीपावली का उत्सव मनाया।
गंगा में भी ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बनी, अद्भुत नजारा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। गंगा में उतरती आस्था की सीढ़ियों पर सनातन की ज्योति जगमगाई तो इसकी आभा से पूरा विश्व दीप्तिमान हो उठा। कार्तिक मास की विदाई में सूर्यदेव के अस्त होने से पूर्व ही मानो दीपकों की आभा का उदय हो गया। काशी में कल-कल बहतीं उत्तरवाहिनी मां गंगा ने 11 लाख दीपों का जगमगाता स्वर्णिम चंद्रहार पहना तो कौतुकता के काजल में लिपटी लाखों आंखें अपलक विष्णुपगा के सौंदर्य को निहारती रह गईं।
दोपहर 12 बजे से गंगा घाटों के आसपास जो ट्रैफिक जाम हुआ वह शाम से पहले गंगा की लहरों पर भी नजर आने लगा। आकाश से एक ओर कार्तिक पूर्णिमा का चंद्र अमृत बरस रहा था तो दूसरी ओर नदी तट पर गगनमंडल अपने समस्त नक्षत्रमणियों के साथ उतर आया था। भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर के संहार के उपलक्ष्य में उनकी नगरी काशी ने मंंगलवार को जब देवों की विजय का पर्व देव दीपावली मनाया तो इसकी अलौकिक छटा निरखने देवगण भी स्वर्ग से धरती पर उतर आए।

सनातन वैभव को दैदीप्यमान कर संपूर्ण विश्व को आलोकित करने वाले इस महापर्व की दिव्य छटा निरखने को देश-विदेश के लाखों सैलानी यहां पहुंचे थे। गंगा के घाटों से लेकर लहरों तक में तैरते विद्युत्प्रकाश की लताओं से दमकते बजड़़ों पर पूर लघु भारत अटा पड़ा था। शाम चार बजे से ही दीपों में तेल बाती के साथ ही दीपोत्सव जलाने का क्रम शुरू हो गया।
प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सूरज के मद्धिम होते ही नमो घाट पर दीप जलाकर शुभारंभ किया तो पंचगंगा घाट पर बटुकों ने प्राचीन हजारा को दीप्त कर दपदपा दिया। फिर तो ज्योति की लड़ियां फैलती चली गईं और लगभग आठ किमी की दूरी में विस्तुृत गंगा के 86 अर्धचंद्राकार घाटों पर दोनों तरफ लाखों दीप जगमगा उठे। हवा से संघर्ष करते माटी-गोबर के छोटे-छोटे दीयों ने अपने असाधारण लालित्य और अद्वितीय गत्यात्मकता के साथ दमकते हुए प्रकाश का अपूर्व वितान रच डाला।

देवाधिदेव महादेव की इस नगरी में हर गली-गांव, कुुंड, तालाब, मंदिर सब भक्ति भाव में डूबे थे। हर ओर चले लोगों के कदम नदीश्वरी के तट पर जाकर थम गए। दोपहर से ही हजारों हाथ सनातन का दीया और श्रद्धा की बाती सजाने-बारने में लगे रहे। काशी के घाटों को गंगा जल से धुलतीं, सिंदूर से पूजतीं, शुभ का दीपदान कर, बारंबार हाथ जोड़कर परिवार और अखंड सौभाग्य की कामना करतीं माताओं-बहनों की उपस्थिति से घाटों की अपूर्व शोभा पूरे दिन बनी रही।
साधु-संत, समितियां जगत कल्याण की ज्योति प्रज्वलित करने में लगे रहे। असि घाट दोपहर में ही लोग जुटने लगे तो दीपक दीया तेल बाती दई अघट्ट... के भावों से गंगा का आंचल इतरा उठा। घाटों की अर्द्धचंद्राकार श्रृंखला दोपहर से ही आस्था के हिलोरों से उल्लासित नजर आने लगी थी।
घाटों पर शिव स्त्रोत और मां गंगा की आरती के जयघोष के बीच हर ओर बस प्रकाश ही प्रकाश और हर-हर महादेव का उद्घोष रहा। पांच क्विंटल फूलों से सजा दशाश्वमेध घाट अद्भुत छटा बिखेर रहा था। धर्म के साथ राष्ट्रीयता, देश सेवा और सामाजिकता का संदेश देने वाली यहां मां गंगा की विशेष आरती इस बार भी बलिदानी वीर जवानों के शौर्य को समर्पित रही।

21 अर्चकों ने मंत्रोच्चार कर आरती की तो 21 कन्याओं ने चंवर डोला कर सृष्टि की मंगल कामना की। घंटा-घड़ियाल, डमरू-शंख समेत अन्य वाद्य यंत्रों की डमक-टनकार से दिशाएं गूंज उठीं। बलिदानियों की याद में पूरे कार्तिक माह जलने वाले आकाशदीपों का कर्तव्य आज पूर्ण हुआ। अद्भुत आरती देख मन आस्था के उजास से तो तन चांद और दीयों के प्रकाश से नहा उठा।
राजा चेतसिंह घाट पर लेजर शो की किरणें और गंगा पार ग्रीन फायर क्रैकर्स की रश्मियाें ने गंगा में इंद्रधनुषी सृष्टि रचीं तो लहरें भी दिव्य रंगीन आभा से आलोड़ित हाे उठीं थीं। अहिल्याबाई घाट पर फूलों के बंदनवार सजे थे तो राजघाट दीपों से लयबद्ध रहा। चौसट्ठी घाट पर दीपों से उकेरी गईं अनुपम आकृतियां आकर्षित करती रही। राणा महल घाट पर दीप मालिकाओं ने स्वच्छता का संदेश उकेरा, मानमंदिर घाट पर दीपों की लड़ी सजी, जैन घाट पर 5100 दीपों से सजी अल्पना ने "जीयो और जीने दो" का संदेश दिया।
प्रभु घाट पर सेवन डेज फाउंडेशन ने दीपों की लड़ियों से भारतीय वायु शक्ति, साहस, शौर्य और देश के गौरव को दर्शाने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता को रंगोली व दीपकों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की। गंजारी स्टेडियम, पर्यावरण संरक्षण के संदेश देती रंगोलियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

बाबा विश्वनाथ का धाम फूलों से आकर्षक सजा अलग छटा बिखेर रहा था। विद्युत्प्रकाश की लड़ियां यहां स्वर्णिम प्रकाश से अठखेलियां कर रही थीं। पूरा धाम दीपों से जगमगा रहा था। ललिता घाट गंगा द्वार को भी दीपों के माध्यम से आकर्षक सजाया गया था। देश-दुनिया से पहुंचे लोग नदी में सजीं नावों और बैलून-फूलों से सजे बजड़ों से इस दृश्यावली को मोबाइल में और मन मंदिर में सहेज लेने को करीब नौ किलोमीटर तक कतारबद्ध रहे।
सीढ़ियों तक चढ़े बाढ़ के पानी और सिल्ट नेपरेशानी तो जरूर पैदा की और घाटों को संकरा बनाया लेकिन दीयों के आध्यात्मिक प्रकाश ने लोगों के हृदय प्रकाश को से भर दिया। संसार में विरले ही दृश्यमान इस अद्भुत, अलौकिक, अनुपम छटा का साक्षी होना सबके रोम-रोम को रोमांचित कर गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।