विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देव दीपावली से जीपीएस से बोलेंगे काशी के 84 घाट, 15 भाषाओं में गूंजेगी सदियों पुरानी विरासत की कहानी, शुरू हो रही पर‍ियोजना

By Saurabh AgrawalEdited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 24 Nov 2026 01:50 PM (GMT+05:30)

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने वाराणसी के 84 घाटों के लिए 'वाराणसी 84 घाट्स आडियोबुक-आडियो टूर' शुरू किया है। यह जीपीएस आधारित टूर 15 भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे पर्यटक घाटों के ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व को सहजता से जान सकेंगे।

काशी के 84 घाटों का जीपीएस आधारित आडियो टूर 15 भाषाओं में करेगा विरासत का बखान।

काशी के 84 घाटों का जीपीएस आधारित आडियो टूर 15 भाषाओं में करेगा विरासत का बखान।

HighLights

  1. उत्तर प्रदेश पर्यटन ने 'वाराणसी 84 घाट्स आडियोबुक-आडियो टूर' किया शुरू।

  2. जीपीएस आधारित यह टूर 15 भाषाओं में उपलब्ध, ऑफलाइन भी काम करेगा।

  3. पर्यटक घाटों के इतिहास, संस्कृति, पौराणिक कथाओं को सहजता से जान सकेंगे।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी के घाट केवल गंगा के तट पर बनी सीढ़ियां और भव्य इमारतें नहीं हैं, बल्कि वे सदियों के इतिहास, अटूट आस्था, समृद्ध संस्कृति और जीवंत परंपराओं के प्रमाण हैं। अब देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए इन घाटों की अनकही और पौराणिक कथाओं को जानना पहले से कहीं अधिक सहज और रोचक हो गया है।

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने वाराणसी के सभी 84 घाटों को एक सूत्र में पिरोते हुए 'वाराणसी 84 घाट्स आडियोबुक-आडियो टूर' की शुरुआत की है। इस आधुनिक डिजिटल पहल के जरिए सैलानी अब बिना किसी गाइड के, अपनी सहूलियत और गति के अनुसार घाटों का भ्रमण करते हुए प्रत्येक घाट के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और पौराणिक महत्व से रूबरू हो सकेंगे। यह सुविधा यूपी टूरिज्म के आधिकारिक मोबाइल एप और वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।

इस विशेष आडियो टूर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें सभी 84 घाटों के लिए अलग-अलग ऑडियो अध्याय तैयार किए गए हैं। चाहे कोई यात्री घाटों के किनारे पैदल घूमते हुए इतिहास की परतों को टटोलना चाहे या फिर नाव पर सवार होकर गंगा की लहरों के बीच घाटों की गाथा सुनना चाहे, दोनों ही अनुभव इस टूर में शामिल किए गए हैं। प्रदेश के पर्यटन जयवीर स‍िंंह देव दीपावली पर इस प्रोजेक्‍ट को नमो घाट से शुरू करेंगे।  

इसका जीपीएस आधारित सिस्टम पर्यटक के किसी घाट पर पहुंचते ही उसकी लोकेशन को पहचान लेता है और अपने आप उस घाट से जुड़ा आडियो शुरू कर देता है। यदि यात्री निर्धारित स्थान से आगे बढ़ जाता है या दूर चला जाता है, तो आडियो रुक सकता है और वापस उसी स्थान पर लौटने पर फिर से चलने लगता है। इसके अलावा, उपयोगकर्ता अपनी पसंद के अनुसार किसी भी घाट को मैन्युअली चुनकर भी उसकी जानकारी सुन सकते हैं।

सैलानियों के अनुभव को और समृद्ध बनाने के लिए ऑडियो के साथ-साथ लिखित विवरण, तस्वीरें और इंटरैक्टिव मैप भी दिए गए हैं। यात्री अपनी सुविधा के हिसाब से ऑडियो को रोक सकते हैं, दोबारा चला सकते हैं या अगले घाट की जानकारी पर जा सकते हैं। एप इस बात का भी ध्यान रखता है कि आपने कौन-कौन से घाट देख लिए हैं, जिससे बीच में यात्रा रोकने पर अगली बार वहीं से शुरुआत की जा सके जहां पिछली बार छोड़ा गया था।

भाषा की विविधता इस पहल को वैश्विक स्वरूप देती है। यह आडियो टूर हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ मराठी, तमिल, तेलुगु, गुजराती, कन्नड़, ओड़िया, मलयालम, उर्दू, फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, जापानी और कोरियाई सहित कुल 15 भाषाओं में उपलब्ध है, और पैदल व नाव दोनों विकल्प सभी भाषाओं में मिलते हैं।

यात्रा से पहले टूर डाउनलोड करने की सुविधा से भ्रमण के दौरान लगातार इंटरनेट की निर्भरता भी खत्म होती है, और वाराणसी से बाहर या दुनिया के किसी भी कोने में बैठे लोग भी काशी की विरासत से जुड़ सकते हैं। एंड्रायड या आईओएस एप अथवा वेबसाइट पर 'वाराणसी 84 घाट्स आडियोबुक-आडियो टूर' चुनकर 'स्टार्ट टूर एट लोकेशन' या 'इनेबल आफलाइन यारिमोट टूर' के जरिए बिना लागिन या अकाउंट बनाए इस सेवा का लाभ उठाया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।