25 अक्टूबर को वाराणसी एयर शो में शामिल होंगे PM मोदी, ड्रोन और घरों की छतों से संदिग्धों पर नजर रखेगी पुलिस
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने 25 अक्टूबर को पीएम मोदी के वाराणसी एयर शो में शामिल होने के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

HighLights
पुलिस आयुक्त ने पीएम मोदी के एयर शो सुरक्षा की समीक्षा की।
वीवीआईपी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण पर विशेष निर्देश दिए।
ड्रोन, सीसीटीवी से निगरानी, होटलों-ढाबों की सघन जांच होगी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्रधानमंत्री के 25 अक्टूबर को एयर शो में शामिल होने के कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार शाम पुलिस बल को ब्रीफ किया। उन्होंने वीवीआईपी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आमजन की सुविधा को लेकर जरूरी निर्देश दिए।
पुलिसकर्मियों से कहा कि वे दर्शकों से ‘सर’ और ‘मैडम’ कहकर विनम्रता से बात करें। तीन दिवसीय एयर शो के अंतिम दिन वायु सेना पीएम के सामने अपना पराक्रम दिखाएगी। यातायात पुलिस लाइन में फोर्स को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त ने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।
होटलों और ढाबों की होगी जांच
कहा कि, छतों, ड्रोन तथा सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा निगरानी की जाए। होटल, ढाबों और गेस्ट हाउसों की सघन जांच और सत्यापन करें। अधिकारियों को तय समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने और अधीनस्थों को जिम्मेदारी समझाने के निर्देश दिए।
एयर शो के दौरान पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास द्वार और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा आपातकालीन रास्ते बाधामुक्त रखने को कहा गया।
पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट के साथ सतर्क रहने, मोबाइल का अनावश्यक इस्तेमाल न करने और संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया। भीड़ में जरूरतमंदों की मदद और संयम बरतने पर जोर देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
