सोनभद्र में संदिग्ध परिस्थितियों में नवदंपती ने फांसी लगाकर दी जान, एक वर्ष पूर्व हुई थी शादी
सोनभद्र में चोपन थाना क्षेत्र के कुरुहूल गांव निवासी रमेश (22) पुत्र लक्ष्मण व उसकी पत्नी शिवकुमारी (20) का शव बुधवार की रात कमरे में बडेर से लटकता स्वजन ने देखा। स्वजनों ने बताया कि रमेश व उसके दो भाई अपनी मां के साथ कुरुहूल मे ननिहाल में रहते हैं।

सोनभद्र, जागरण संवाददाता। चोपन थाना क्षेत्र के कुरुहूल गांव में बुधवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में नवदंपती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों ने किन कारणों से फांसी लगाई इसकी जानकारी नही हो सकी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। करीबियों ने बताया कि दोनों की एक वर्ष पूर्व शादी हुई थी।
चोपन थाना क्षेत्र के कुरुहूल गांव निवासी रमेश (22) पुत्र लक्ष्मण व उसकी पत्नी शिवकुमारी (20) का शव बुधवार की रात कमरे में बडेर से लटकता स्वजन ने देखा। स्वजनों ने बताया कि रमेश व उसके दो भाई अपनी मां के साथ कुरुहूल मे ननिहाल में रहते हैं। पिता सलखन में रहते हैं। रमेश तीन भाइयों में दूसरे नम्बर का है। रमेश की एक वर्ष पूर्व शादी हुई थी, उसको अभी कोई बच्चा भी नही है। बुधवार को रमेश उसकी पत्नी व परिवार के अन्य सदस्य सलखन मृतक के दादा के दसवें में गए थे। शाम को रमेश व उसकी पत्नी शिवकुमारी वापस कुरुहूल लौट आये। जबकि परिवार के अन्य सदस्य देर रात कुरुहूल पहुंचे। घर पहुंचकर उन्होंने रमेश को आवाज लगाई तो कोई जवाब नही मिला। इसके बाद उन्होंने रमेश के कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नही आई। दरवाजा अंदर से बंद था।
किसी तरह झरोखे से झांक कर देखा तो दोनों फांसी के फंदे से लटक रहे थे। इस पर परिवार के लोग शोर मचाते हुए दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी इकठ्ठा हो गए। लोगो ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। चोपन थाने के प्रभारी निरीक्षक केके सिंह ने बताया कि शव पीएम के लिए भेज दिया गया है। दोनों ने किन कारणों से फांसी लगाई इसकी जानकारी नही हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।