Weather Report 22 November 2022 : वाराणसी में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस, कोहरे का दौर जल्द
वाराणसी का मौसम लगातार बदलाव की ओर होने के साथ ही तापमान में कमी का दौर भी बना हुआ है। पछुआ हवाओं का जोर बना रहने से जल्द ही अब कोहरे का पश्चिम से दौर भी पहुंचने जा रहा है।

वाराणसी, जागरण संवाददाता। Minimum temperature 11 degree Celsius in Varanasi : मौसम विभाग के अनुमानों के अनुसार ही मौसम का रुख इन दिनों बदलाव की ओर बना हुआ है। माना जा रहा है कि सप्ताह भर के बाद वातावरण में गलन और कोहरे में इजाफा होना शुरू हो जाएगा। इसकी वजह से कोहरा जहां दृश्यता कम करेगा तो वहीं ठंडी हवाएं समूचे पूर्वांचल को कंपाने लगेंगी। माना जा रहा है कि इस बार ठंड का दौर भी लंबा चल सकता है। मौसम विभाग की ओर से जारी अनुमानों के अनुसार आगामी 26 नवंबर से ठंड में और इजाफे का दौर शुरू होगा। इसके साथ ही पूर्वांचल गलन की चपेट में आने लगेगा।
मंगलवार की सुबह वातावरण में ठंडी पछुआ हवाओं का जोर रहा। आधी रात के बाद से शुरू ओस का दौर सुबह छह बजे तक जारी रहा। सुबह सात बजे सूरज की रोशनी धरती पर पड़ने के साथ ही कोहरे और कुहासे के छंटने का दौर शुरू हो गया। सवा सात बजे तक सूरज की रोशन में गुनगुना अहसास घुल गया तो वातावरण भी बेहतर होने लगा। ठंड से कांप रहे लोगों ने गुनगुनी धूप सेंकी और ठंड से राहत महसूस किया। सुबह आठ बजे तक ठंडी हवाओं का जोर थमा तो जनजीवन भी सक्रिय हो उठा।
वाराणसी में बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। आर्द्रता अधिकतम 75 फीसद और न्यूनतम 66 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार उत्तर भारत में कोहरे का असर अब मध्य उत्तर प्रदेश तक पहुंचा है। अब दो चार दिनों में इसका असर पूर्वांचल तक पहुंचने के बाद कोहरा सघन होने लगेगा। मौसम विभाग ने इस पखवारे के बाद तापमान में और कमी का संकेत दिया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।