तमिल संगमम: मोघाट पर दिखा गंगा-कावेरी का संगम, एक धारा बन गई दो भाषा-दो संस्कृति
वाराणसी के नमोघाट पर काशी-तमिल संगमम का भव्य उद्घाटन हुआ, जहाँ गंगा और कावेरी संस्कृतियों का अद्भुत मिलन देखने को मिला। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और सीएम योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में, यह आयोजन दो भाषाओं, विचारों और परंपराओं को एक सूत्र में पिरो रहा है।

वाराणसी में शनिवार को नमो घाट पर आयोजित काशी तमिल संगमम के उद्घाटन सत्र में राष्ट्रगान करते मंच पर आइआइटी मद्रास के डायरेक्टर वि कामाकोटि, शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की सचिव दीप्ति गौर मुखर्जी, आयुष मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी, स्टाम्प एवं पंजीयन शुल्क मंत्री रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष चमू कृष्ण शास्त्री व बीएचयू के कुलपति प्रो अजित कुमार चतुर्वेदी। (बाएं से क्रमशः)। जागरण
HighLights
नमोघाट पर काशी-तमिल संगमम का भव्य उद्घाटन, सांस्कृतिक मिलन।
तिरुक्कुरल ग्रंथ का 50 भाषाओं में डिजिटल लोकार्पण हुआ।
तमिल कला, व्यंजन और शोध प्रदर्शनी ने सबका मन मोहा।
राघवेन्द्र शुक्ल, वाराणसी। जिस उद्देश्य के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से काशी-तमिल संगमम् की चार साल पहले शुरुआत की वह आज सफल हो रहा है। गंगा तीरे दो संस्कृति, दो भाषा, दो विचार और दो दिशाएं एक सी दिखीं। तट गंगा का था लेकिन किनारा कावेरी का महसूस हुआ। हिंदी व तमिल भाषाओं में रचित पवित्र ग्रंथ तिरुक्कुरल और श्रीमद्भागवत गीता के उपदेश के शब्द अलग हुए लेकिन सोच एक हो गई। मंच के सामने एक ओर गंगा तट पर अनिवासी काशी के निवासी तो दूसरे भाग में कावेरी की नगरी से आए तमिल निवासी ताली बजाते रहे। भाषा का अंतर तो दिखा लेकिन भाव ने दोनों को एक कर दिया।
मंच पर उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी दो संस्कृति को एक करने की कोशिश की तो योगी ने भी शासन से लेकर संत परंपरा तक एकाकार की तस्वीर पेश की। चार साल में 26 करोड़ श्रद्धालु और 70 प्रतिशत दक्षिण भारत के निवासी। यानी यही तो संस्कृतियों के मिलन का माध्यम बन रहा है। प्रयागराज में गंगा व यमुना का संगम है लेकिन काशी ने तो गंगा की ज्ञान पंरपरा और तमिल के अमृत पंरपरा का मिलन कराया।
भारतीय संस्कृति की दो प्राचीन शाश्वत धारा काशी व तमिल को काशी और बाबा श्री विश्वनाथ ने एक डोर से बांधे रखा है। सीएम ने जब 15 वीं शताब्दी में पांडु नरेश आदिवीर पराक्रमी पांडयन का उल्लेख किया तो तमिल में भी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की चर्चा हुई। दक्षिण में काशी की आध्यात्मिक चेतना को प्रतिस्थापित करना भी एकाकार का ही हिस्सा बना। महर्षि अगस्त्य के तमिल व्याकरण के प्रथम ग्रंथ अद्वितीय की चर्चा हुई तो काशी के अगस्तय कुंड की भी।
महर्षि अगस्त्य के आदित्य हृदय स्रोत की चर्चा हुई तो श्रीराम का इसका वर्णन सुनना भी इसी एकाकार का हिस्सा बना। तमिलनाडु के महान संत कुमार गुरुपरर ने भी काशी और तमिल का संगम कराया। काशी के केदारघाट पर साधना और मठ की स्थापना इसी का हिस्सा बना। तमिलनाडु के नाट्टुकोट्टई चेट्टियार समाज का 200-250 सालों से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़ाव भी दोनों संस्कृतियों के मिलन का अनूठा उदाहरण है।

बटन दबाकर उप राष्ट्रपति ने काशी-तमिल संगमम का उद्घाटन किया
उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से बटन दबाकर काशी तमिल संगमम का उद्घाटन किया। नमोघाट पर हुए इस भव्य आयोजन में बच्चों के साथ ही काशी से आए 1400 डेलीगेट भी इसके साक्षी बने।
इसी मंच से प्रसिद्ध तमिल संत कवि तिरुवल्लुवर के ग्रंथ तिरुक्कुरल के 50 भाषा में अनुवाद का भी डिजिटली लोकार्पण हुआ। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन को स्मृति चिह्न व अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किया।
इसी क्रम में विशिष्ट अतिथि सीएम योगी आदित्यनाथ का भी स्वागत हुआ। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी का स्वागत केंद्रीय शिक्षा सचिव दीप्ति गौड़ मुखर्जी ने किया। आइआइटी बीएचयू के कुलपति प्रो.अजित कुमार चतुर्वेदी, आइआइटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी कामकोटि, प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर मिश्र दयालु, रविंद्र जायसवाल और हंसराज विश्वकर्मा को भी सम्मानित किया गया।
भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष प्रो. चमु कृष्ण शास्त्री ने काशी के गंगा जल और रामेश्वर की माटी के जुड़ाव को रेखांकित किया। वंदेमातरम् और राष्ट्रगान से कार्यक्रम की शुरुआत और समापन भी हुआ।
तमिल बुनकरों की नक्काशी का अवलोकन
नमोघाट पर दो दर्जन से ज्यादा स्टाल के जरिए तमिल की कला का अवलोकन सबने किया। बुनकरों की साड़ी पर की गई महीन नक्काशी आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा मिलेट्स और दक्षिण भारत के प्रसिद्ध खाद्य पदार्थ की भी लोगों ने खरीदारी की। आइआइटी मद्रास और बीएचयू काशी के शोधार्थियों ने अपने शोध की प्रदर्शनी भी लगाई।
यूवी सिंदूरा के भगवान मुरूगन के भजन पर बजी तालियां
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध तमिल भक्ति प्रस्तुति दी। भगवान मुरुगन के भजन के जरिए यूवी सिंदूरा ने अपनी मधुर आवाज से पारंपरिक कर्नाटक गायन शैली में जटिल छंदबद्ध तमिल भजनों को प्रस्तुत किया। उनका साथ बी गणेश कुमार ने दिया। तमिलनाडु के सबसे प्रसिद्ध पारंपरिक लोक नाट्य थेरुकुथु का भी मंचन हुआ।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री योगी ने किया बनारस बिनाले 2026 का शुभारंभ, बोले- काशी को मिलेगी नई पहचान
गुनगुनी धूप में भी डंटे रहे बच्चे
सुबह नौ बजे से ही कई स्कूलों के पांच सौ से ज्यादा छात्र-छात्राएं यहां जुटे। कार्यक्रम दो बजे तक चला। पांच घंटे तक गुनगुनी धूप में बच्चों ने काशी-तमिल संस्कृतियों के मिलन को देखा। भाषा के साथ ही पुरातन संस्कृतियों को नजदीक से जाना। कार्यक्रम के दौरान उनमें उत्साह दिखा। किसी ने सेल्फी ली तो किसी ने मौके से ही रील बनाया।
1400 डेलीगेट ने देखी नमो घाट की भव्यता
कार्यक्रम स्थल पर तमिलनाडु के 1400 डेलीगेट भी आए थे। इसमें शिक्षक, छात्र, लेखक के साथ ही सीए, डाक्टर जैसे पेशे से जुड़े लोग भी थे। कार्यक्रम के दौरान नमो घाट की भव्यता को सबने नजदीक से निहारा। सेल्फी भी ली।
यह भी पढ़ें- 'काशी की तरह अविनाशी है भाजपा, उत्तर प्रदेश में लगाएंगे हैट्रिक'; वाराणसी में बोले सीएम योगी
50 शिक्षक देंगे तिरुक्कुरल का ज्ञान
तमिलनाडु से आए 50 शिक्षक तीन शहरों प्रयागराज, काशी और अयोध्या में जाकर पवित्र ग्रंथ तिरुक्कुरल के विचार को बताएंगे। महाविद्यालयों में इनके सत्र होंगे। इस साल इसकी थीम भी तिरुक्कुरल पयिलोम अर्थात तिरुक्कुरल अभ्यास करें रखा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।