विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी ने किया बनारस बिनाले 2026 का शुभारंभ, बोले- काशी को मिलेगी नई पहचान

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:54 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय में सीआइआइ बनारस बिनाले-2026 का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन काशी को नई वैश्विक पहचान देगा और उत्तर प्रदेश विकास व विरासत के समन्वय से देश का ग्रोथ इंजन बन रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी ने बनारस बिनाले 2026 का शुभारंभ किया।

  2. बिनाले काशी की सांस्कृतिक चेतना और आधुनिकता को दर्शाएगा।

  3. यूपी विकास-विरासत समन्वय से देश का ग्रोथ इंजन बना।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी की हजारों वर्षों की सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक विरासत और आधुनिक रचनात्मकता को एक मंच पर लाने वाले सीआइआइ बनारस बिनाले-2026 का शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय के राधाकृष्णन सभागार में औपचारिक शुभारंभ किया।

पुस्तिका का विमोचन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बनारस बिनाले आस्था और आर्थिकी के बीच अद्भुत समन्वय का बेहतरीन प्रयास है। इससे काशी को नई वैश्विक पहचान मिलेगी। नीयत साफ और नीति स्पष्ट हो तो नियंता की कृपा भी बरसती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे के पूरक हैं। आस्था और आर्थिकी के रास्ते भले अलग हों, लेकिन उनकी मंजिल एक है। प्रयागराज में आयोजित हुआ महाकुंभ इसका उदाहरण है। विकास और विरासत के समन्वय से उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से निकलकर देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार विरासत और विकास दोनों पर विश्वास करती है।

पारंपरिक ज्ञान के साथ आधुनिक तकनीक को लेकर आगे बढ़ना समय की आवश्यकता है। मार्क ट्वेन ने भी काशी को इतिहास से पुरानी और परंपरा से प्राचीन बताया था। यहां शास्त्रार्थ की परंपरा ने भारतीय ज्ञान-विज्ञान को समृद्ध किया। सुश्रुत ने भगवान धन्वंतरि से यहीं शल्य चिकित्सा का ज्ञान प्राप्त किया। काशी का पंचांग आज भी पर्वों और मांगलिक कार्यों का आधार है।

तुलसीदास, कबीर, प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद और भारतेंदु हरिश्चंद्र जैसी विभूतियों ने इसकी साहित्यिक चेतना को समृद्ध किया। उन्होंने कहा कि जो भी काशी आया, यहीं का होकर रह गया। मुख्यमंत्री ने बनारस बिनाले की वैश्विक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि 1995 में वेनिस से शुरू हुई बिनाले की परंपरा 2012 में कोच्चि पहुंची और अब काशी में नया अध्याय लिख रही है।

काशी केवल परंपराओं को सहेजने वाली नगरी नहीं, बल्कि आधुनिकता को आत्मसात करने वाली सांस्कृतिक राजधानी भी है। महामना मदन मोहन मालवीय ने 1916 में बीएचयू की स्थापना कर इसी चेतना को संस्थागत स्वरूप दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बनारसी रेशम, जरी, हस्तशिल्प और ओडीओपी उत्पादों को नए बाजार मिल रहे हैं।

कला और पर्यटन के आयोजनों से कारीगरों, नाविकों, होटल, परिवहन और खानपान से जुड़े लाखों लोगों की आजीविका को गति मिलती है। काशी विश्वनाथ धाम, 84 घाट, गंगा आरती, क्रूज, नमोघाट और प्रस्तावित शहरी रोपवे जैसी सुविधाएं पर्यटन को नया विस्तार दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए सुरक्षित वातावरण, बेहतर कनेक्टिविटी और प्रशिक्षित कार्यबल जरूरी है। प्रदेश में 2017 से अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। डेटा सेंटर, इलेक्ट्रिक वाहन, रक्षा विनिर्माण और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्र नई संभावनाएं खोल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने देश-दुनिया के कलाकारों और कलाप्रेमियों से काशी आकर यहां की विरासत को करीब से अनुभव करने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें- 'काशी की तरह अविनाशी है भाजपा, उत्तर प्रदेश में लगाएंगे हैट्रिक'; वाराणसी में बोले सीएम योगी

विश्वास जताया कि बीएचयू, भारत कला भवन, ज्ञान प्रवाह, नागरी प्रचारिणी सभा और पेशवा हवेली जैसे संस्थानों की सहभागिता से बनारस बिनाले आधुनिक कला और सांस्कृतिक संवाद की नई राजधानी के रूप में काशी की पहचान स्थापित करेगा। कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री अनिल राजभर, डा. दयाशंकर मिश्र 'दयालु'''', रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह, बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी, बनारस बिनाले के अध्यक्ष माधव सिंहानिया और सीआइआइ के डीजी चंद्रजीत बनर्जी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- हेलीकॉप्टर से वाराणसी के रोहनिया पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह, चांदी का मुकुट पहनाकर किया गया स्वागत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।