काशी की गलियों से गंगा घाटों तक आस्था का सैलाब, कार्तिक पूर्णिमा पर सुबह से ही स्नान में जुटे श्रद्धालु
कार्तिक पूर्णिमा पर वाराणसी के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से शाम तक भक्तों ने गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित किया, जिससे पूरे घाट क्षेत्र में भक्तिमय माहौल रहा।
-1795486906161_m.webp)
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा पर वाराणसी के गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़।
भोर से शाम तक श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान, पूजन।
पुलिस बल ने भीड़ नियंत्रण, व्यवस्था बनाए रखने में मदद की।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा पर आस्थावानों के उत्साह का जो ज्वार एक दिन पहले ही काशी की गलियों में दिखाई देने लगा था, वह मंगलवार को भोर होते ही पूरे उल्लास के साथ छलक पड़ा। सुबह की पहली किरण फूटते ही मानो शहर की हर गली का रुख गंगा घाटों की ओर हो गया और देखते ही देखते श्रद्धालुओं का विशाल रेला घाटों पर उमड़ पड़ा।
भोर से लेकर शाम तक गंगा स्नान और पूजन का क्रम लगातार चलता रहा, जिससे पूरे घाट क्षेत्र में भक्तिमय उत्सव जैसा माहौल बना रहा। ओस से भीगी-भीगी भोर में हरि और हर की उपासना, आराधना तथा आशीष की कामना लिए हजारों-हजार श्रद्धालु श्रद्धा की डोर में बंधे गंगा तटों पर पहुंचे।
पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर भक्तों ने अंतिम कार्तिकी डुबकी लगाई और इसके साथ ही पूरे कार्तिक मास चलने वाले स्नान-ध्यान तथा नियम-संयम के विधान का विधिवत समापन हो गया। पुण्य की डुबकी लगाने के लिए उमड़ी भीड़ इतनी अधिक रही कि सड़कों के विशाल दायरे भी कम पड़ते दिखाई दिए। व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल लगातार मुस्तैद और सक्रिय रहा।
इस महापर्व पर मां सुरसरि गंगा की पावन धारा में आस्था की डुबकी लगाने और पुण्य अर्जित करने के लिए पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के साथ-साथ देश के अनेक राज्यों, विशेषकर दक्षिण भारत से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक-दो दिन पहले ही मोक्षदायिनी काशी पहुंच चुके थे। शहर की सड़कों और गलियों में हर तरफ श्रद्धालुओं का हुजूम नजर आ रहा था।
स्थिति यह रही कि पहले से भरे होटल और धर्मशालाओं में जगह न मिलने के कारण कई श्रद्धालुओं ने सड़कों और घाटों के किनारे ही अपना डेरा जमा लिया, साथ लाई चादरों का बिस्तर बिछाया और शीत भरी रात चांदनी के बीच बिताई। सामने घाट से शुरू होकर असि घाट, तुलसी घाट, रीवा घाट और चेतसिंह घाट होते हुए दशाश्वमेध घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट तथा रविदास घाट तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं, जहां सभी ने स्नान कर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।
कार्तिक पूर्णिमा पर हर भक्त की अपनी मन्नत और अपना संकल्प भी जुड़ा दिखा। बड़ी संख्या में लोगों ने मन्नत के अनुसार गंगा तट पर अपने पूजन कराया, जबकि अनेक श्रद्धालुओं ने मां गंगा को चुनरी और नैवेद्य चढ़ाया। इस दौरान घाटों पर मंगल गीतों की गूंज वातावरण को और पावन बनाती रही। गंगा तट पर श्रद्धालुओं ने भगवान सत्यनारायण की कथा सुन दान पुण्य किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।