UP Election 2022 : जौनपुर के मल्हनी में बोले जदयू नेता राजीव रंजन सिंह - 'ऐसा तीर चलाएं कि साइकिल हो जाय पंचर'
UP Election 2022 जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने कहा कि धनंजय सिंह कर्तव्य निष्ठा के बल पर चुनाव जीत रहे हैं। एक- एक तीर मछली की आंख पर लगे तो तीर निशान की इतनी बटन दबाएं कि उस तीर से सामने वाले की साइकिल पंचर हो जाए।

जौनपुर, जागरण संवाददाता। शेरवां स्थित आझूराय इंटर कालेज में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रत्याशी पूर्व सांसद धनंजय के समर्थन में सोमवार को आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ लल्लन सिंह ने कहा कि धनंजय सिंह अपनी कर्तव्य निष्ठा के बल पर चुनाव जीत रहे हैं। एक-एक तीर मछली की आंख पर लगे। तीर निशान की इतनी बटन दबाएं कि उस तीर से सामने वाले की साइकिल पंचर हो जाए।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव सेमीफाइनल है। 2024 में फाइनल होगा। कहा कि चुनाव के अंतिम सप्ताह में बहुत चौकस रहने की जरूरत है। किसी के उकसावे में न आएं जिससे अधिक से अधिक मतदान पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में हो जाय। सपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त थी। अराजकता का माहौल पूरे प्रदेश के फैला हुआ था। नीतीश सरकार के पूर्व बिहार में लालू, आलू व बालू रह गया था। उनके आने के बाद विकास का नया आयाम बिहार में स्थापित किया गया। दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों व महिलाओं के लिए विशेष योजनाओं लाई गईं और न्याय करते हुए उनके उत्थान का कार्य किया गया। आज बिहार में जीविका समूह में एक करोड़ से अधिक महिलाएं कार्य करते हुए स्वावलंबी बन चुकी हैं।
सड़कों की स्थित इतनी सुंदर हो चुकी है कि बिहार के किसी भी बार्डर से पांच घंटे में राजधानी पटना में पहुंचा जा सकता है। आज बिहार देश में माडल प्रदेश बना है।। कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयास से विकास दर दहाई के ऊपर पहुंच गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में आतंक इस कदर था कि सूर्यास्त के पहले लोग घरों में दुबक जाते थे। कोई भी बहन-बेटी उन लोगों के डर से बाजार में अकेले नहीं जाती थी। अब बिहार के सुशासन है। 17 वर्षों में एक भी नरसंहार नहीं हुआ।
वहीं बिहार के जननायक प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर के पुत्र व राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर में कहा कि बिहार की दशा सुधारने के लिए नीतीश कुमार ने जो संघर्ष किया वह वहां के अस्पतालों, सड़को व विकास कार्यो को देखकर लग रहा है। जनता दल यू के प्रदेश अध्यक्ष अनूप पटेल ने कहा कि धनंजय की लोकप्रियता को विरोधियों को पच नहीं रही है इसलिए राष्ट्रीय अध्यक्ष तक उल्टे सीधे बयान दे रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।