वाराणसी में चोरी के आरोप में पूर्व नौकरानी गिरफ्तार, 12 लाख के गहने बरामद
वाराणसी पुलिस ने चोरी के आरोप में एक पूर्व नौकरानी को गिरफ्तार किया है। उस पर 12 लाख रुपये के ...और पढ़ें

गहने की चोरी के आरोप में पूर्व नौकरानी गिरफ्तार। (फाइल फोटो)
HighLights
पूर्व नौकरानी चोरी के आरोप में गिरफ्तार
12 लाख के गहने बरामद
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
जागरण संवाददाता, वाराणसी। घर में रखी आलमारी से 30 लाख रुपये के गहने चुराने के आरोप में पुलिस ने पूर्व नौकरानी, उसके पति और गहने खरीदने वाले सराफा कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 12 लाख रुपये के गहने बरामद हुए।
भेलूपुर थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी के अनुसार जवाहर नगर एक्सटेंशन की रहने वाली सीमा गिनोडिया के घर की आलमारी में रखे 30 लाख के गहने चोरी हो गए थे। दीपावली में आलमारी की सफाई करने के लिए दूसरी चाभी से उसे खोला गया तो चोरी की जानकारी हुई। इस मामले में भेलूपुर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया।
सीमा ने पुलिस को बताया था कि जिस आलमारी में गहने रखे थे उसकी चाभी खो गई थी। काफी खोजबीन करने पर नहीं मिली। दीपावली के दो दिन पहले दूसरी चाभी से उसे खोला गया तो उसमें रखी सोने की 15 अंगूठी, चार हार हीरे का पेंडट के साथ, मोती का सेट समेत कई सोने-हीरे के गहने गायब थे। चोरी हुए गहनों की कीमत 30 लाख रुपये हैं।
उन्होंने एक माह पूर्व काम से हटाई गई नौकरानी पर संदेह जताया था। पुलिस मुकदमा दर्ज करके घर में लगे कैमरों की फुटेज खंगाला तो दस अक्टूबर को पूर्व नौकरानी घर में आते और फिर गहने समेटकर जाती दिखाई दी। उससे पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने चोरी की बात स्वीकार की।
पुलिस को बताया सीमा ने उसे गलत व्यवहार पर नौकरी से निकाल दिया था। लेकिन इससे पहले वह गहने वाली आलमारी की चाभी चुरा लिया था। दस अक्टूबर को फिर से काम मांगने के बहाने आई और आलमारी से गहने चोरी के बाद नौकरानी ने अपने पति आशीष उर्फ गोलू साहनी के साथ चंदौली के सिकंदरपुर, चकिया स्थित घर में रहने लगी। आभूषणों को उसने खोजवां के रहने वाले सराफा कारोबारी विपिन सेठ को बेच दिया था।
