मुंबई से लौटे दंपती को परिवार का नहीं मिला सहयोग तो पति ने गंगा नदी में लगा दी छलांग
मुंबई से मंगलवार की रात लौटे प्रवासी दंपती को परिवार का सहयोग नहीं मिलने से पति ने हमीद सेतु से गंगा नदी में छलांग लगा दी।
गाजीपुर, जेएनएन। मुंबई से मंगलवार की रात लौटे प्रवासी दंपति को परिवार का सहयोग नहीं मिलने से पति ने हमीद सेतु से गंगा नदी में छलांग लगा दी। सूचना पर रजागंज पुलिस गोताखोर लेकर तत्काल मौके पर पहुंच गई। रात दस बजे से लेकर अब तक खोजबीन जारी है, लेकिन अभी तक कामयाबी नहीं मिल सकी है।
रेवतीपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव के रणजीत पांडेय पट्टी निवासी सुधीर पांडेय अपने पत्नी संग ट्रक में बैठकर मंगलवार की रात अपने घर पहुंचा। इसपर गांव वालों ने जांच के लिए दोनों को गाजीपुर वापस जाने को कहा। इसके बाद दोनों एक चार चक्का वाहन में बैठकर जा रहे थे।
जब पत्नी ने अपनी मां को कॉल किया तो उन्होंने भी घर आने से दोनों को मना कर दिया। इसके बाद सुधीर हमीद सेतु पर वाहन रुकवाया और बाते करते-करते अचानक गंगा नदी में छलांग लगा लिया। यह देख पत्नी जोर-जोर से विलखने लगी। सूचना पर रजागंज चौकी इंचार्ज अश्वनी कुमार दूबे अपने हमराहियों व मछुआरों एवं नाव के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात तक तलाश होती रही, लेकिन कुछ अता-पता नहीं चल सका।
बीते रविवार को ही मुंबई से लौटे पति को कोरोना होने की शंका के चलते गाजीपुर के मौधियां गांव निवासी विनोद कन्नौजिया की पत्नी प्रतिभा (25) ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। मौधिया निवासी विनोद कन्नौजिया गत 12 मई को मुंबई से आए थे। वह खुद को क्वारंटाइन रहने के लिए सिवान में स्थित अपने ट्यूबवेल पर रहने चले गए। इधर किसी ने उनकी पत्नी को बता दिया कि उनके पति को कोरोना हो गया है, इसलिए वह घर नहीं आएंगे। इसके बाद पत्नी ने फांसी लगा लगी थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।