यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
IIT बीएचयू की छात्रा के कपड़े-फाड़े और वीडियो बनाये जाने के मामले में सीएम योगी ने दिए कठोर कार्रवाई के निर्देश
वाराणसी में आइआइटी बीएचयू परिसर में बुधवार देर रात लगभग दो बजे बाइक सवार तीन युवकों ने असलहा दिखाकर आइआइटी ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, वाराणसी। आइआइटी बीएचयू परिसर में बुधवार देर रात लगभग दो बजे एक छात्रा के साथ छेड़खानी और अभद्रता की हद कर दी गई। आइआइटी की शोध छात्रा अपने दोस्त के साथ टहल रही थी तभी उसके हास्टल के पास कर्मनबीर बाबा मंदिर के पास बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने छात्रा के दोस्त को जमकर पीटा। इसके बाद छात्रा का मुंह दबाकर दूसरी तरफ ले गए। असलहा दिखाकर उसके कपड़े फाड़कर वीडियो बनाया और तस्वीरें खींची।
छात्रा का फोन नंबर ले लिया और धमकी दी कि किसी से कुछ बताया तो जान से मार देंगे। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने घटना पर सरकार की आलोचना करते हुए एक्स पर लिखा है कि आइआइटी बीएचयू परिसर में एक छात्रा के साथ दिल दहला देने वाली घटना हुई है। क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र में एक छात्रा के लिए अपने शिक्षण संस्थान के अंदर निडर होकर घूमना भी संभव नहीं है। उधर, पुलिस ने तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश कर रही है।
घटना के विरोध में सैकड़ों छात्रों ने गुरुवार को परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बीएचयू परिसर में इस साल छेड़खानी की यह चौथी घटना है। छात्रों का कहना था कि परिसर में सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम नहीं है। घटना के विरोध में संस्थान की कक्षाएं भी नहीं चलीं। छात्रों ने रात नौ बजे अपनी मांगों के मान लिए जाने के बाद धरना समाप्त किया।

आइआइटी और बीएचयू के बीच दीवार बनाने, लड़कियों के छात्रावास के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने और परिसर में कैमरों की संख्या बढ़ाने, बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक के लिए आइआइटी परिसर के गेट पर पुलिस की तैनाती की मांगों पर आइआइटी प्रशासन ने एक समिति बनाने की घोषणा की है, जो एक हफ्ते में रिपोर्ट देगी। इसके बाद इन मांगों पर अमल शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, पुलिस ने कहा कि जल्द आरोपितों को गिरफ्तारी कर लिया जाएगा। इसके अलावा आइआइटी बीएचयू परिसर में शाम पांच बजे से सुबह 10 बजे तक बाहरी लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
प्रोफेसर के घर में घुसकर बचाई जान
छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि युवकों ने उसे करीब 15 मिनट तक बंधक बनाए रखा। किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर वह हास्टल की ओर भागी तो युवकों ने बाइक से पीछा किया। छात्रा एक प्रोफेसर के आवास में घुस गई। वहां 20 मिनट तक रुकी रही। इसके बाद प्रोफेसर से संपर्क किया तो उन्होंने अपने घर के गेट तक छोड़ा। वहां से आइआइटी की पार्लियामेंट सिक्योरिटी कमेटी के राहुल राठौर ने आइआइटी के पेट्रोलिंग गार्ड के पास पहुंचाया।
घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी खराब
छात्रा ने पुलिस को तीनों युवकों का हुलिया बताया है। तीनों युवक रायल इनफील्ड क्लासिक 350 बाइक से आए थे। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी खराब हैं। पुलिस विश्वविद्यालय के सभी गेटों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देख रही है। देर रात हैदराबाद गेट के पास बुलेट पर तीन लोग जाते दिखे हैं, हालांकि बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मुख्यमंत्री ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आइआइटी बीएचयू में हुई छेड़खानी की घटना का संज्ञान लेते हुए मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा और बीएचयू के कुलपति प्रोफेसर एसके जैन से बात की। उन्होंने आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्रवाई का संदेश जनता तक जाना चाहिए। विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस को प्रशिक्षण देने के लिए भी कहा।