Varanasi: अपना घर आश्रम में प्रभु सेवा केंद्र का लोकार्पण कर बोले CM योगी, निराश्रितों की सेवा, नारायण की सेवा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना घर आश्रम पहुंचे। यहां परिसर में स्थित प्रभु सेवा केंद्र का लोकार्पण कर सीएम ने कहा कि निराश्रितों की सेवा नारायण की सेवा है। इस दौरान उन्होंने UPPCL की ओर से 42 लाख 38 हजार 935 रुपये और जिला राइफल क्लब की ओर से 2 लाख 22 हजार 800 रुपये की आश्रम प्रबंधक को मदद भी प्रदान की।

वाराणसी, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि निराश्रित लोगों की सेवा नर के रूप में नारायण की सेवा है। इससे समाज के असहाय लोगों को सहायता मिल रही है। इस तरह के आश्रम अन्य स्थानों पर भी होने चाहिए। ऐसे कार्य में समाज के लोगों को भी बढ़-चढ़ कर सहभागिता करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी गुरुवार शाम सामने घाट स्थित असहायों व निराश्रितों की सेवा को समर्पित अपना घर आश्रम पहुंचे थे। उन्होंने यहां उद्योगपति बिरला परिवार के स्वर्गीय कृष्ण कांत बिरला की कोलकाता निवासी पत्नी निर्मला बिरला द्वारा निर्मित प्रभु सेवा केंद्र का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने यूपीपीसीएल की ओर से 42,38,935 रुपये और जिला राइफल क्लब की ओर से 2,22,800 रुपये की आश्रम प्रबंधक को मदद भी प्रदान की। आश्रम की व्यवस्था देखने के साथ संस्था और संचालक डाक्टर दंपती के सेवा भाव को सराहा। वहां रह रहे लोगों से मिलकर उनका कुशलक्षेम पूछा। इस दौरान उनके साथ जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, श्रम मंत्री अनिल राजभर, स्टांप राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल, विधायक डा. नीलकंठ तिवारी, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा आदि थे।
300 लोगों की देखरेख करते हैं डाक्टर दंपती
वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डा. के. निरंजन और उनकी पत्नी डेंटल सर्जन डा. कात्यायनी ने अपनी टीम के साथ 14 अक्टूबर 2018 को गंगा के किनारे सामने घाट में अपना घर आश्रम की स्थापना की। 50-50 असहाय, निराश्रित व बीमार महिला व पुरुष की व्यवस्था से शुरुआत की। सभी को उपचार, भोजन, कपड़ा, निवास की सुविधा बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराते हैं। समाज के लोग भी इसमें अपनी सामर्थ्य के अनुसार मदद करते हैं। वर्तमान में इसकी क्षमता को बढ़ाकर 300 कर दिया गया है।
सामने घाट स्थित अपना घर आश्रम में संस्थापक डा. के निरंजन व डा.कात्यायनी को चेक प्रदान करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। साथ में स्टांप एवं पंजीयन मंत्री रविंद्र जायसवाल श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, विधायक सौरभ श्रीवास्तव (बाएं) और जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह व विधायक डा. नीलकंठ तिवारी lजागरण
ये भी पढ़ें, वाहनों पर जाति सूचक बोर्ड लगाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, CM योगी आदित्यनाथ ने दिया निर्देश
हर हाल में दिसंबर तक पूरा करें डब्ल्यूटीपी उच्चीकरण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जलकल परिसर में उच्चीकृत हो रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने इसके जीर्णोद्धार का काम हर हाल में दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया। 1964 में जलकल परिसर में 250 एमएलडी की क्षमता डब्ल्यूटीपी लगा था। अब इसकी क्षमता घटकर 120 एमएलडी पेयजल आपूर्ति की हो गई है। इसके चलते शहर के कई इलाकों में ट्यूबवेल से जलापूर्ति की जा रही है। इसी कारण उच्चीकरण का काम हो रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।