Chandrayaan 3 की सफलता पर काशी में गूंज उठा हर-हर महादेव, घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से बीच लहराया गया तिरंगा
Chandrayaan 3 चंद्रयान शाम के साथ आसमान की ओर बढ़ा और चंद्रधर बाबा भोलेनाथ की नगरी में उत्साह का पारा चढ़ा। विक्रम लैंडर के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव प ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, वाराणसी: चंद्रयान शाम के साथ आसमान की ओर बढ़ा और चंद्रधर बाबा भोलेनाथ की नगरी में उत्साह का पारा चढ़ा। विक्रम लैंडर के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड करने के साथ फूट पड़े राष्ट्र-धर्म को एकाकार करते जज्बात।
शंख ध्वनि, घंटा-घड़ियाल और वेद मंत्रों की ध्वनि के बीच तिरंगा लहराया। चहुंओर हर-हर महादेव का उद्घोष गूंजा और हर एक झूमता-नाचता नजर आया। चेहरे पर अहसास ऐसा जैसे खुद चांद पर उतरे और उस लोक में तिरंगा लहराया। इस खुशी में बधाइयों का आदान-प्रदान किया तो मुंह भी मीठा कराया।
स्कूलों में दिखाया गया लाइव प्रसारण
चंद्रयान-3 की लैंडिंग देखने के लिए बुधवार को स्कूलों-कालेजों से लेकर विश्वविद्यालयों और दफ्तरों-बाजारों-दुकानों तक में सजीव प्रसारण देखने की व्यवस्था की गई थी। इसमें चंद्रयान का हर पल जैसे हर एक की धड़कनों से जुड़ गया हो।
सफलता के लिए श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में पूजन-अर्चन तो काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव मंदिर में भैरवाष्टक गूंजता रहा। चंद्र यान लैंड करते ही बाबा के दरबार में दूध तो कालभैरव मंदिर में तेल की धार से अभिषेक किया गया।
दशाश्वमेध घाट पर नैत्यिक सांध्य गंगा आरती चंद्रयान को समर्पित कर दी गई। गलियों से लेकर सड़कों तक ढोल-तासे की थाप पर युवा जत्थे थिरक पड़े। टीवी पर नजर गड़ाए लोग ऐसे उछले जैसे वे भी चंद्रमा की ओर बढ़े। वह अपने मोबाइल स पर चंद्रयान-3 की लैंडिंग देखते नजर आए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।