दिल्ली से बनारस अब सिर्फ 3.5 घंटे में, वाराणसी से चंदौली को जोड़ने के लिए गंगा पर 1200 करोड़ से बनेगा डबल डेकर पुल
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन के नार्थ कॉरिडोर को मंजूरी दी, जिससे वाराणसी से दिल्ली की यात्रा 3.35 घंटे में पूरी होगी।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन नार्थ कॉरिडोर को मिली मंजूरी।
वाराणसी से दिल्ली की यात्रा अब 3.35 घंटे में।
वाराणसी-चंदौली पर 1200 करोड़ का 'नमो ब्रिज' बनेगा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुलेट ट्रेन परियोजना के नार्थ कारिडोर को मंजूरी दे दी है। यह कारिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, पटना, सिलीगुड़ी होते हुए गुवाहाटी तक जाएगा। वाराणसी से दिल्ली की दूरी 3.35 घंटे में पूरी होगी।
कहा कि बुलेट ट्रेन को लेकर प्रधानमंत्री का जो विजन है, उससे युवाओं, मध्यम आय वर्ग और छोटे उद्योगों से जुड़े कारीगरों को बहुत फायदा होगा। इस पहल के लिए लोग प्रधानमंत्री मोदी को अगले 100 सालों तक याद रखेंगे। बुलेट ट्रेन के निर्माण पूरी तरह से मेक इन इंडिया होगा, जिसे देश के युवाओं और वेल्डरों द्वारा तैयार किया जाएगा। पिलर से लेकर गर्डर तक भारत में ही तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ देश की दूसरी और प्रदेश की पहली वाराणसी से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने से पहले रेल मंत्री ने ये बातें कहीं। रेल मंत्री ने वाराणसी से चंदौली को जोड़ने के लिए गंगा पर 1200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रेल डबल डेकर पुल का नाम ‘नमो ब्रिज’ रखने की घोषणा भी की।
इस ब्रिज के ऊपरी हिस्से में छह लेन का हाईवे और नीचे चार रेलवे ट्रैक बनाए जाएंगे। तीन वर्षों में पूरी हो रही इस परियोजना की डिजाइन अगले 100 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर की गई है। पूर्ववर्ती यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए रेल मंत्री ने कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश का रेल बजट महज 1100 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 20 हजार करोड़ रुपये हो गया है।
उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बिना निशाना साधा कि दो लड़कों ने देश और प्रदेश को बर्बाद किया। रेल मंत्री ने वाराणसी से प्रयागराज के लिए दो और बनारस से राजातालाब के लिए आठ मेमू ट्रेनों का भी शुभारंभ किया। बुलेट ट्रेन कानपुर से दिल्ली 1.45 घंटे, आगरा से दिल्ली 59 मिनट और लखनऊ से दिल्ली 2.12 घंटे में पहुंचेगी। वाराणसी से लखनऊ पहुंचने में 1.21 घंटे लगेंगे।
अब मालगाड़ियों के लिए भी अलग लाइन
योगीमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपीए सरकार के समय उप्र में आधी रेललाइन ब्राडगेज और आधी मीटरगेज थी। उस समय कोलकाता से सामान लेकर मालगाड़ी को काशी पहुंचने में कई दिन लगते थे। आज मालगाड़ियों के लिए अलग रेललाइन है। पहले काशी से दिल्ली पहुंचने में 14 घंटे लगते थे, अब आठ से नौ घंटे में यात्रा पूरी हो रही है।
यह भी पढ़ें- तीन ड्रमों में छिपाकर रखे थे 3.20 करोड़, म्यूचुअल फंड और शेयर में भी किया लाखों का इन्वेस्टमेंट
प्रदेश के 157 रेलवे स्टेशन माडल बन चुके हैं। मेमू ट्रेन से काशी और प्रयागराज जैसे आध्यात्मिक शहर जुड़ रहे हैं, वहीं वंदे भारत स्लीपर से काशी से राष्ट्रीय राजधानी की यात्रा आसान होगी। दीपावली और छठ से पहले यह देश को बड़ी देन है।
यह भी पढ़ें- KGMU में 'द केरल स्टोरी' की तर्ज पर स्लीपर मॉड्यूल: सहानुभूति के जाल में फंसाकर महिला डॉक्टरों के मतांतरण की साजिश
सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर उन्हें नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पटेल ने 563 रियासतों को भारत गणराज्य में शामिल कर एकता का सूत्र मजबूत किया। उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी रेल नेटवर्क के माध्यम से देश को उत्तर-दक्षिण और पूरब-पश्चिम से जोड़ रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।