तीन ड्रमों में छिपाकर रखे थे 3.20 करोड़, म्यूचुअल फंड और शेयर में भी किया लाखों का इन्वेस्टमेंट
आयकर विभाग ने प्रयागराज में राजेश यादव के घर से जमीन में गड़े तीन ड्रमों से 3.20 करोड़ रुपये बरामद ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
प्रयागराज में जमीन से 3.20 करोड़ रुपये बरामद।
राजेश यादव के म्यूचुअल फंड, शेयर निवेश का खुलासा।
आयकर विभाग की टीम द्वारा अभी भी खुदाई जारी।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। जमीन में गड़े तीन नीले ड्रमों से मिले रुपयों की गिनती अखिरकार आयकर विभाग ने शनिवार को पूरी कर ली। इसमें तीन करोड़ 20 लाख 93 हजार रुपये छिपाकर रखे गए थे। बरामद रकम को सील कर दिया गया है। जांच में राजेश यादव उर्फ बबलू और उसके परिवार के सदस्यों के नाम पर म्यूचुअल फंड, शेयर और एलआइसी में लाखों रुपये निवेश करने की जानकारी भी सामने आई है। प्रयागराज और प्रतापगढ़ में महंगी जमीन खरीदने के दस्तावेज भी मिले हैं।
आयकर विभाग की टीम मकान में अभी और नकदी व आभूषण दबे होने की आशंका में खोदाई करा रही है।28 अक्टूबर की देर शाम पुलिस ने रामनगर गांव में राजेश यादव के मकान में जमीन के नीचे दबे तीन नीले ड्रम बरामद किए थे। इनमें 500-500 रुपये के नोटों के बंडल भरे हुए थे।
इसकी जानकारी मिलने पर आयकर विभाग की छह सदस्यीय टीम सहायक निदेशक अभय कुमार सोनकर के नेतृत्व में जांच के लिए पहुंची। बाद में आठ और अधिकारी बुलाए गए। वाराणसी से भी दो अधिकारी जांच में शामिल हुए। मशीनों की मदद से शनिवार को नोटों की गिनती पूरी हुई। अधिकारियों को संपत्तियों से जुड़े कई दस्तावेज भी मिले हैं। इनमें प्रयागराज के विभिन्न क्षेत्रों में जमीन खरीदने के कागजात शामिल हैं।
प्रयागराज-लखनऊ राजमार्ग पर प्रतापगढ़ जिले में वर्ष 2025 में करीब सवा बिस्वा जमीन 75 लाख रुपये में खरीदने की जानकारी भी सामने आई है। कार, ट्रैक्टर, पिकअप और आभूषण खरीदने के साथ म्यूचुअल फंड, शेयर और एलआइसी में निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं। शुक्रवार से मकान के अन्य हिस्सों में आयकर विभाग की निगरानी में खोदाई कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें- हरदोई पुलिस की गाड़ी से कूदकर भागा युवक, खुद इलाज के लिए पहुंचा अस्पताल
अब तक पांच कमरों की खोदाई हो चुकी है। मजदूरों की आठ-आठ घंटे की शिफ्ट लगाई गई है। घर में ताला बंद बक्से मिलने की भी चर्चा है। डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार के अनुसार, राजेश और उसके भाई राकेश यादव उर्फ महाकाल से पूछताछ जारी है। इंस्पेक्टर नवाबगंज पंकज अवस्थी ने बताया कि आयकर विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।