देश को 10 ट्रिलियन डालर की इकोनामी बनाने में मदद करेंगे नगरीय निकाय, वाराणसी में बोले केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अखिल भारतीय महापौर सम्मेलन में कहा कि न्यू अर्बन प्लानिंग पर काम किया जाएगा। 2030 तक 10 ट्रिलियन डालर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य प्राप्त करने में नगरीय व्यवस्थाएं पूरी मदद करेंगी।

वाराणसी, जागरण संवाददाता। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अखिल भारतीय महापौर सम्मेलन में कहा कि अब सरकार न्यू अर्बन प्लानिंग (नगर आयोजना) पर काम करेगी। वर्ष 2030 तक देश को 10 ट्रिलियन डालर यानी 10 लाख करोड़ डालर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य प्राप्त करने में देशभर के नगरीय निकाय मदद करेंगी। पीएम के नेतृत्व ने नगरीय विकास के साथ ही स्वच्छता बहुत काम हुआ है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पीएम आवास योजना के लिए एक करोड़ 14 लाख मकानों को मंजूरी दी है, जिनमें से 90 लाख निर्माणाधीन हैं। वर्ष 2022 तक हर गरीब परिवार का अपना पक्का मकान होने का सपना पूरा करने में यह सम्मेलन सहयोग करेगा। वहीं, वाराणसी हेरिटेज सिटी व स्मार्ट सिटी योजना के तहत संस्कृति व धरोहरों को संरक्षित रखते हुए शहर को स्मार्ट बनाया जा रहा है। उन्होंने शहरी व नगरीय विकास से जुड़ी योजनाओं व परियोजनाओं की प्रगति के बारे में भी बताया। कहा कि श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के नव्य और भव्य स्वरूप को देखकर पूरी दुनिया में यह संदेश गया है कि किस तरह संस्कृति को सहेजकर विकास किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी खिड़किया घाट पहुंचे
इंडियन आयल कारपोरेशन फाउंडेशन की ओर से खिड़किया घाट पर आयोजित कार्यक्रम में गुरुवार को पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान घाट पर बनी फ्लोटिंग जेट्टी देखी। देश का पहला तैरता हुआ सीएनजी फिलिंग स्टेशन भी देखा। इस दौरान इंडियन आयल कारपोरेशन फाउंडेशन की ओर से प्रोजेक्टर पर घाट पर विकसित सुविधाओं की जानकारी दी गई। फाउंडेशन समेत आइओसी व गेल के अधिकारी मौजूद रहे। सभी प्रमुख अधिकारियों ने इस दौरान विभागवार कराए गए कार्यों की जानकारी दी। सभी कार्यों को देखने के बाद केंद्रीय मंत्री ने सराहना की। बता दें कि खिड़किया घाट पर बने फिलिंग स्टेशन से वाहनों को तो सीएनजी ईंधन मिलेंगे ही वहीं गंगा में अत्याधुनिक तरीके से निर्मित फ्लोटिंग जेट्टी पर नावों को सीएनजी ईंधन प्राप्त हो सकेगा। यह अपने आप में एक अनोखी पहल होगी जहां चलती नावों को गंगा में ही ईंधन मिल जाएगा। यहां हरदीप पुरी एक घंटा रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।