Block Pramukh Election Result Sonbhadra : जिले के सभी दस ब्लाक पर भाजपा और अद का कब्जा
सोनभद्र के सभी दस ब्लाकों पर प्रमुख पद के लिए हुए मतदान में भाजपा व अद गठबंधन के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। जिसमें पांच ब्लाक में निर्विरोध प्रमुख चयनित हुए वहीं दूसरी ओर शनिवार को पांच ब्लाकों में मतदान में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।

सोनभद्र, जागरण संवाददाता। जिले के सभी दस ब्लाकों के प्रमुख पद पर भाजपा व अद गठबंधन ने कब्जा जमा लिया है। इसमें पांच ब्लाक में निर्विरोध प्रमुख चयनित हुए, वहीं दूसरी ओर शनिवार को पांच ब्लाकों में मतदान में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। इस तरह आठ ब्लाक पर भाजपा व दो ब्लाक पर अपना दल एस के प्रत्याशी प्रमुख बने। सबसे कड़ी टक्कर नगवां ब्लाक में देखने को मिली। यहां पर सपा प्रत्याशी ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी। जीत का ऐलान होते ही वहां पर सपा समर्थक उग्र हो गए, जिसके कारण पुलिस को हवाई फायरिंग तक करनी पड़ी।
शनिवार को करमा ब्लाक से भाजपा प्रत्याशी सीमा देवी, नगवां ब्लाक से भाजपा प्रत्याशी आलोक सिंह, कोन ब्लाक से भाजपा प्रत्याशी रूबी मिश्रा, घोरावल ब्लाक में भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल व चोपन ब्लाक में भाजपा प्रत्याशी व ओबरा विधायक की पत्नी लीला देवी ने जीत दर्ज की। घोरावल : ब्लाक प्रमुख पद के लिए शनिवार को भाजपा समर्थित प्रत्याशी दीपक पटेल व निर्दल प्रत्याशी आमोद रंजन आमने- सामने रहे। जिसमें भाजपा समर्थित प्रत्याशी दीपक पटेल की जीत हुई। दीपक पटेल को 85 मत मिले वहीं प्रतिद्वंदी आमोद रंजन को 15 मत प्राप्त हुए। इसके बाद दोपहर 12 बजे 37 वोट पड़ चुके थे। दोपहर के समय डीएम तथा एसपी ने ब्लाक परिसर में पहुंचकर जायजा लिया। कुल 102 मतदाताओं में से 100 वोट पड़े। एक पुरुष तथा एक महिला क्षेत्र पंचायत सदस्य ने मतदान नहीं किया।
चोपन ब्लाक से 25 गांव नगवां से चार गांव व दुद्धी ब्लाक से दो गांव काट कर 31 ग्राम पंचायत के कोन ब्लाक में पहली बार शनिवार को ब्लाक प्रमुख पद के लिए मतदान हुआ। भाजपा समर्थित प्रत्याशी रूबी मिश्रा को कुल 53 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में 40 सदस्यों ने अपना मत दिया। वहीं सपा से समर्थित चन्द्र सैनी देवी को मात्र एक वोट मिला। वहीं निर्दल प्रत्याशी ज्ञानती देवी को भी एक वोट मिला, जबकि 11 वोट निरस्त हो गया। इस मौके पर सदर विधायक भूपेश चौबे, पूर्व विधान परिषद सदस्य जयप्रकाश चतुर्वेदी, प्रेम शंकर, राजेश सिंह, कांशीराम ठाकुर, अजय सिंह आदि रहे।
चोपन ब्लाक प्रमुख चुनाव में भाजपा विधायक ओबरा की पत्नी लीला देवी ने 80 मत पाकर विजयी घोषित की गईं। मतदान के दौरान भाजपा प्रत्याशी लीला देवी ने सपा प्रत्याशी को पराजित किया। इस दौरान लीला देवी को 80 मत मिले जबकि तीन मत निरस्त हो गए। सपा प्रत्याशी को महज पांच मत ही मिले।
करमा नवसृजित करमा ब्लाक में पहली बार हुए प्रमुख पद के मतदान में भाजपा प्रत्याशी सीमा देवी ने अपने प्रतिद्वंदी मीना देवी को दस वोट से हरा दिया। एक मत अमान्य घोषित हो गया है। इस दौरान सुरक्षा की व्यवस्था चाक-चौबंद रहा। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह व पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने मतदान स्थल का निरीक्षण किया।
सबसे हाई प्रोफाइल ब्लाक प्रमुख का चुनाव नगवां में ही रहा। यहां पर सबसे अधिक विवाद भी देखने को मिला। आलम यह रहा कि पुलिस को हवाई फायरिंग तक करनी पड़ी। यहां पर भाजपा प्रत्याशी आलोक सिंह ने सपा प्रत्याशी राधिका को तीन वोट से हरा कर प्रमुख बन गए।
ब्लाक कुल मत कितने पड़े मत विजयी उपविजेता
1- घोरावल 102 100 दीपक 85 अमोद रंजन 15
2- करमा 75 75 सीमा देवी 42 मीना देवी 32
3- नगवां 43 43 आलोक सिंह 23 राधिका 20
4- चोपन 88 88 लीला देवी 80 अमरावती 05
5- कोन 53 53 रूबी मिश्रा 40 चंद्र सैनी एक व ज्ञानती देवी एक वोट

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।