हमेशा मिशन मोड में काम करती है भाजपा, आजमगढ़ में बोले यूपी के पंचायतीराज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी
पंचायतीराज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा हमेशा मिशन मोड में काम करती है। सरकार 360 दिन की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए कार्य करती है। अपने कार्यकर्ताओं के विश्वास के बल पर किसी भी चुनाव के लिए तैयार रहती है।

आजमगढ़, जागरण संवाददाता : पंचायतीराज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा हमेशा मिशन मोड में काम करती है। सरकार 360 दिन की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए कार्य करती है। अपने कार्यकर्ताओं के विश्वास के बल पर किसी भी चुनाव के लिए तैयार रहती है, चाहे वह 2024 का लोकसभा चुनाव हो या फिर 2027 में होने वाला विधानसभा चुनाव।
पंचायती राज मंत्री ने यह बातें मंगलवार को भाजपा कार्यालय में पत्र-प्रतिनिधियों से वार्ता में कही। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मंत्रियों का समूह आज आजमगढ़, गुरुवार को मऊ और शुक्रवार को बलिया जाएगा। जनता से संवाद कर विकास कार्यों की जानकारी लेंगे, कार्यकर्ताओं से बात करेंगे और उसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को देंगे।
पंचायतीराज मंत्री ने कहा कि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ और कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही के साथ चिह्नित गांवों में जाएंगे और विकास कार्यों की जानकारी लेंगे। बताया कि सरकार की मंशा है कि जनहित के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ हर जरूरतमंद को मिले।
उन्होंने कहा कि विकास के लिए प्रदेश सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। जहां जैसी आवश्यकता है, वहां आवंटित किया जा रहा है। जिले की गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत की बात पर मंत्री ने कहा कि साढ़े पांच साल में काफी संख्या में नई सड़कें बनी हैं तो सृदृढ़ीकरण भी हुआ है। जर्जर सड़काें को चिह्नित किया जा चुका है। वर्षा के बाद उसे बेहतर बनाया जाएगा।
जिले के विकास का सच देखने अाए मंत्रियों के समूह में शामिल पंचायतीराज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी बुधवार को पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को टिप्स देने के बाद लखनऊ चले गए। उनके जाने के बाद राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही क्षेत्र भ्रमण पर निकले। मंत्रीद्वय नरौली वार्ड की अनुसूचित जाति की बस्ती का निरीक्षण किया तो महिलाओं ने शिकायतों की झड़ी लगा दी।
खुली नालियों को दिखाया, तो पता चला कि पटिया तक नहीं लगी है। मंत्री दयालु ने नाराजगी व्यक्त करते हुए ईओ नगर पालिका परिषद मनोज कुमार सिंह को सख्त निर्देश दिए कि दोबारा यह शिकायत न मिलने पाए। उसके बाद प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को पुस्तक व बैग वितरित किया। पहाड़ा सुना।
एक बच्चे ने 26 राज्योें का नाम फर्राटे से बताया तो ताारीफ की। मंत्रीद्वय का काफिला सीएचसी पल्हनी पहुंचा, जहां मंत्री ने गंदगी देख सीएमओ डा. इंद्रनारायण तिवारी को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय हुसेनगंज के बाद प्राथमिक विद्यालय चक्रपानपुर पहुंचे। कक्षा चार के छात्र अभिषेक पाल से विद्यालय आने का समय पूछा। छात्र के सही जवाब पर संतोष व्यक्त किया। विद्यालय की स्मार्ट व्यवस्था पर खुशी जाहिर की। बगल में स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर में मंत्रीद्वय ने दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
महंत ओमप्रकाश दास ने मंदिर के सामने स्थित पोखरी के सुंदरीकरण की मांग रखी। कारागार मंत्री ने डीएम विशाल भारद्वाज को सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिया। राजकीय मेडिकल कालेज के 15 मिनट के निरीक्षण में मरीजों से उनका हालचाल पूछा। साफ-सफाई के साथ प्रधानाचार्य डा. आरपी शर्मा को व्यवस्था में और सुधार करने का निर्देश दिया। मेंहनगर ब्लाक के सिंहपुर धन्नी गांव में लगी चौपाल में सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में लाभार्थियों से पूछा। नवनिर्मित अमृत सरोवर के निरीक्षण में सीढ़ियों और एप्रोच को सुंदर बनाने के निर्देश दिए। पौधारोपण भी किया। चौपाल में बिजली ,पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश विभागवार अधिकारियों को दिए।
पांच महिलाओं की गोदभराई व पांच शिशुओं को खीर खिलाई गई। रात लगभग आठ बजे निजामाबाद पहुंचे, जहां ब्लैक पाटरी उत्पाद के हस्तशिल्पियों से बात की। भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह व ऋषिकांत राय, पूर्चांचल विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद नीलम सोनकर, क्षेत्रीय महामंत्री सहजानंद राय, सत्येंद्र राय, रमाकांत मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंंह, सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला आदि थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।