BHU पर्वतारोहण टीम का सफल आरोहण, बिना रुके 19 घंटे चले और 4,650 मीटर ऊंचा मून पीक पर लहराया तिरंगा
बीएचयू के पर्वतारोहण दल ने माउंट मून पीक पर सफल आरोहण किया। 14 सदस्यों की टीम ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में हिमाचल प्रदेश से अपनी यात्रा शुरू की। 15129 फीट ऊंचे मून पीक पर पहुँचकर तिरंगा फहराया। इस अभियान में कई चुनौतियों का सामना किया पर टीम ने हार नहीं मानी। यह इस सीजन का पहला सफल आरोहण था।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। बीएचयू के पर्वतारोहण केन्द्र के छात्र-छात्राओं का 14 सदस्यीय दल मून पीक पर सफल आरोहण कर शुक्रवार को कैंपस लौट आया, उनका केन्द्र प्रभारी प्रो. अनिल कुमार सिंह और पूर्व छात्रों ने स्वागत किया।
प्रो. अनिल ने बताया कि एडवांस पर्वतारोहण कोर्स-18 दल में छह छात्र और छह छात्राएं थी। प्रशिक्षक बलराम यादव एवं शिवनारायण यादव के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से आरोहण की शुरुआत की थी। हिमालय के धौलाधार श्रेणी में मौजूद मून पीक, जिसकी ऊंचाई समुद्रतल से 15,129 फीट है।
प्रशिक्षक बलराम यादव ने बताया कि टीम मैलोडगंज और त्रिउंड होते हुए लाका ग्लेशियर पहुंची और वहीं पर स्नो क्राफ्ट प्रशिक्षण लिया, जिसमें बर्फ पर चढ़ने-उतरने और खुद के बचाव का अभ्यास शामिल था। 28 जून को रात दो बजे मून पीक के लिए क्लाइंबिंग शुरू हुई, जिसमें बिना रुके 19 घंटे चलना था। जिसमें इद्रहार पास (दर्रा) पार करते हुए कई ग्लेशियर को बीच में छोड़ते हुए 4,650 मीटर ऊंचे मून पीक पर पहुंच कर टीम ने तिरंगे के साथ विश्वविद्यालय का झंडा लहराया।
शेरपा गाइड सचिन शर्मा, सुशील कुमार, अनिल व अश्वनी शर्मा का अहम योगदान रहा। मून पीक का अभियान खास था क्योंकि इतनी बड़ी टीम अब तक मून पीक पर नहीं चढ़ी थी। इस सीजन का पहला सफल आरोहण था, इसके पहले तीन टीमें बगैर आरोहण के वापस लौट आईं थी।
दो महीने की ट्रेनिंग ली गई थी, जिसमें सभी फिट थे लेकिन जैसे-जैसे समुद्रतल से उपर उठते जाते हैं वैसे ही हाई अल्टीट्यूड को फेस करना पड़ता है, जिसमें चार सदस्यों को समस्या हुई। दल के सदस्यों में पूर्व छात्र अनिल यादव और अनुपम अग्रवाल के अलावा लीडर साक्षी कुमारी, डिप्टी लीडर सचिन कुमार, हर्ष गुप्ता, पूनम सैनी, नीलम कुमारी, गोलू सिंह, हिमांशु सिंह, शिवांश चौरसिया, ओजस्विनी सिरके, अभिषेक तोमर, खुशी सिंह व बिभा कुमारी रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।