Ballia Boat Accident : सेल्फी और फेसबुक लाइव बनाते समय सुरहाताल में असंतुलित हो गई नाव
बलिया के सुरहाताल के गढ़ से लौटते समय छोटी नाव में सवार युवक भी सेल्फी खींचने के साथ ही अंकित मोबाइल से फेसबुक लाइव चलाने लगा। इसी दौरान नाव अनियंत्रित हो गई। छह युवकों के बैठने से उसका संतुलन भी बिगड़ा हुआ था।

बलिया, जेएनएन। Ballia Boat Accident : बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के मैरीटार गांव के सामने रविवार की दोपहर सुरहाताल में सैर-सपाटा कर वापस लौटते वक्त छोटी नाव असंतुलित होकर पलट गई, इस दौरान सवार छह युवक डूब गये। इसमें दीपक कुमार गुप्ता (21) व अमित कुमार गुप्ता (25) की मौत हो गई। मल्लाहों ने तत्परता दिखाते हुए डूब रहे अभिषेक कुमार (24), अंकित कुमार गुप्ता (23), रमेश कुमार (24) व भोलू (22) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों के प्रयास से दोनों शव निकाल लिये गये हैं। सभी युवक मैरीटार गांव के निवासी हैं, उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मोबाइल से सेल्फी व फेसबुक लाइव के चक्कर में कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बाद भी लोग सचेत नहीं होते है। सुरहाताल के गढ़ से लौटते समय छोटी नाव में सवार युवक भी सेल्फी खींचने के साथ ही अंकित मोबाइल से फेसबुक लाइव चलाने लगा। इसी दौरान नाव अनियंत्रित हो गई। जानकारों की माने तो छोटी नाव में तीन से चार लोगों को ही बैठाया जाता है। छह युवकों के बैठने से उसका संतुलन भी बिगड़ा हुआ था।
छह दोस्त सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे। रविवार को वह सैर करने के लिए छोटी नाव से सुरहाताल के बीच बने गढ़ की तरफ गए थे। वहां से वे वापस लौट रहे थे। इस दौरान सेल्फी खींचने और फेसबुक लाइव बनाने लगे। इतने में नाव असंतुलित होकर पलट गई। अत्यधिक पानी होने से सभी डूबने लगे। यह देख कुछ दूरी पर मछली मार रहे मछुआरों की नजर उन पर पड़ी। वे घटना स्थल पर पहुंच गए। डूब रहे चार युवकों को बचा लिया, उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। उधर डूबे दो अन्य युवकों की तलाश होने लगी। एक घंटे बाद दोनों का शव बरामद कर लिया गया। घटना की जानकारी होते ही गांव से सैकड़ों लोग पहुंच गए। मृतक दीपक की मां रीना देवी व छोटे भाई विशाल का रोते-रोते जिला अस्पताल में बुरा हाल हो गया।
दो युवकों को न बचा पाने का मछुआरों में रह गया मलाल
बेरुआरबारी क्षेत्र के मैरीटार गांव के सामने सुरहाताल में छोटी नाव हादसे में मछली मार रहे मछुआरे चार युवकों के लिए फरिश्ते साबित हुए। छह युवक जब डूबने लगे, तभी बचाओ-बचाओ कहकर मदद को पुकारने लगे। बचकर अस्पताल पहुंचे चारों युवकों ने बताया कि डूबते समय ऐसा लगा कि सामने मौत खड़ी है। लेकिन चंद फासले पर नाविक सुमंत निषाद ने उनकी आवाज सुना तो वह अपने अन्य साथियों को आवाज देते हुए नाव लेकर चल पड़े। डूब रहे तीन युवकों को खींचकर अपनी नाव में डाल दिया। अन्य तीन को बचाने के लिए पीछे से पहुंचे विवेक निषाद, शैलेंद्र निषाद व गोपाल निषाद भी जुट गए। वह भी तीनों को किसी तरह से बाहर निकाले। सुमंत ने बताया कि नाव डूबने के बाद निकल रही चीख सुनकर एक बारगी उन्हें कुछ समझ में नहीं आ रहा था। सिर्फ इतना लक्ष्य था कि उन्हें बचाना है। इन्हें दो युवकों की जान नहीं बचाने का मलाल है।
10-15 मिनट तक चलाते रहे हाथ-पैर
बचे युवक अंकित व अभिषेक ने घटना को याद कर सहम जा रहे थे। दोनों ने बताया कि नाव पटलने के बाद हम दोनों 10-15 मिनट तक हाथ-पांव चलाते रहे। लग रहा था कि वे बच नहीं पाएंगे, तभी नाव से पहुंचे मल्लाह ने हाथ पकड़ कर उन्हें खींच लिया।
सदमे में युवक, साथी को खोने का गम
मैरीटार के रहने वाले छह युवक साथ ही अक्सर रहते थे। वह गांव के बगल स्थित मिश्ररौलिया मैदान में सेना भर्ती की तैयारी करते थे। रविवार को दीपक कुमार गुप्ता, अमित कुमार गुप्ता, अभिषेक कुमार, अंकित कुमार गुप्ता, रमेश कुमार व भोलू सुरहाताल के गढ़ की तरफ जाने की योजना बनाई थी। छोटी नाव लेकर निकल पड़े। हादसे के बाद बचे चारों युवक सदमे में है। अपने दो साथियों के खोने से चारों दुखी हैं।
दीपक की मां व भाई का बुरा हाल
नाव हादसे में मृतक दीपक की मां रीना देवी व छोटे भाई विशाल का रोते रोते जिला अस्पताल में बुरा हाल हो गया था। वह चिकित्सकों से बार-बार अपने बेटे का फिर से इलाज करने की गुहार लगाती रही।
पढऩे में काफी अच्छे थे दोनों होनहार
नाव हादसे मैरीटार गांव अपने दो-दो होनहार युवकों को खो दिया है। गांव के लोगों ने बताया कि अमित व दीपक दोनों पढऩे में काफी अच्छे थे। इन दिनों दोनों आईटी कार्स कर रहे थे। इसमें दीपक दौडऩे में काफी तेज था। वह सेना भर्ती में कई बार मेडिकल टेस्ट की प्रक्रिया से गुजर चुका था। ग्रामीणों ने बताया कि निषाद समाज के नेता डा. संजय निषाद का कार्यक्रम होने के कारण ताल के अंदर हड़ताल था। अधिकांश लोग बैठक में चले गए थे। अगर सभी होते तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती।
सुरहताल में पहले हुई दुर्घटनाएं
-27 जनवरी 2021 को नाव से फिसलने से परमेश्वर ङ्क्षबद की डूबने की मौत।
-अगस्त 2019 में सुदर्शन ङ्क्षबद की गहरे पानी में डूबने से मौत।
-12 अक्टूबर 2019 को आनंद चौहान की डूबने से मौत।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।