हिंदू सेवा सदन अस्पताल में मिलेंगी आयुष्मान की सेवाएं : Varanasi news
डाक्टरों की कमी व अग्निशमन की एनओसी का हवाला देते अस्पताल बंद करने के सरकारी नोटिस से आजिज प्रबंधन ने प्रशासन व मंत्री को स्थिति से अवगत कराया था।
वाराणसी, जेएनएन। शहर के मध्य बांसफाटक स्थित हिंदू सेवा सदन अस्पताल में भी मरीजों को जल्द सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। इसमें आयुष्मान भारत की सेवाओं के साथ ही प्रतिदिन नवजात टीकाकरण भी शामिल होगा। राज्य मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने प्रबंध समिति को यह भरोसा दिया। डाक्टरों की कमी व अग्निशमन की एनओसी का हवाला देते अस्पताल बंद करने के सरकारी नोटिस से आजिज प्रबंधन ने शासन-प्रशासन व मंत्री को स्थिति से अवगत कराया था। डा. नीलकंठ ने निरीक्षण के बाद बैठक में दो टूक कहा कि यह ख्याल रखा जाएगा कि प्राचीन अस्पताल की सेवाएं एक मिनट भी बाधित न हों। कहा सांसद और विधायक निधि से जरूरी उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही संचालन के लिए फिर सरकारी अनुदान की व्यवस्था होगी। उन्होंने सीएमओ डा. वीबी सिंह से सेलफोन बात कर सुविधाएं अस्पताल को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मरीजों की सुविधा के लिहाज से रास्ते की मरम्मत व कूड़ाघर को गाड़ी स्टैंड में परिवर्तित करने के लिए भी नगर निगम के अफसरों को तत्परता बरतने को कहा। अध्यक्षता कर रहे अस्पताल न्यास अध्यक्ष अशोक गुप्त ने व्यवस्था से अवगत कराते हुए बताया कि डीएम को पूरे प्रकरण से अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने भी समस्याओं का निराकरण कर अस्पताल के सुचारू संचालन में सहयोग का भरोसा दिया है। सचिव अमिताभ केडिया ने आठ सूत्रीय पत्र दिया। सजन रतेरिया, डा. बैजनाथ प्रसाद, डा. राजीव गुप्त, डा. मनोज बजाज, ललित लड्ढा, वीरेंद्र भुरारिया, नवीन कपूर, मनोज जाजोदिया, प्रफुल्ल सोमानी, गौरव राठी आदि थे। संचालन सहसचिव राजेंद्र मोहन शाह व धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष जयप्रकाश मूंदड़ा ने किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।