UP Weather: चक्रवात अकवान के अवशेष से वाराणसी में बदला मौसम, आज बारिश और कल से गिरेगा पारा
चक्रवाती तूफान अकवान के अवशेषों के कारण पूर्वांचल और वाराणसी का मौसम बदल गया है, जिससे दिनभर बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने रविवार को छिटपुट बारिश और 23 नवंबर से न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने और घने कोहरे की संभावना जताई है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
HighLights
चक्रवाती तूफान अकवान के अवशेषों से बदला वाराणसी का मौसम।
दिनभर बादल छाए रहे, हल्की बूंदाबांदी और तापमान में गिरावट।
23 नवंबर से बढ़ेगी ठंड, न्यूनतम तापमान गिरेगा, घना कोहरा छाएगा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान के अवशेष का असर पूर्वांचल के मौसम पर दिखने लगा है। शनिवार सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा। दिन भर धूप नहीं निकली और कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। बादलों और नमी के चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि रात का पारा सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, चक्रवाती तूफान अकवान के अवशेष उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में केंद्रित हैं। इसके प्रभाव से पूर्वांचल के दक्षिणी हिस्सों में रविवार को छिटपुट वर्षा हो सकती है। दूसरे दिन भी बादलों के बने रहने से अधिकतम तापमान में गिरावट होगी और न्यूनतम तापमान में थोड़ी और वृद्धि हो सकती है।
शनिवार को बीएचयू में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। बाबतपुर में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री नीचे था। इसके विपरीत न्यूनतम तापमान बीएचयू में 18.6 डिग्री और बाबतपुर में 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों स्थानों पर यह सामान्य से क्रमशः 4.7 और 2.7 डिग्री अधिक रहा।
यह भी पढ़ें- काशी की तर्ज पर सजेगा रायबरेली का डलमऊ गंगा तट, लेजर लाइट के बीच होगी भव्य आरती
कल से बढ़ेगी ठंड
मौसम विज्ञानी डा. सिंह ने बताया कि 23 नवंबर से न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इसके साथ ही कोहरे का घनत्व बढ़ेगा और पूर्वांचल में घना कोहरा छाने के आसार हैं। यानी अगले दो दिनों में मौसम का मिजाज बदलने के साथ ठंड का प्रभाव भी बढ़ेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।