काशी की तर्ज पर सजेगा रायबरेली का डलमऊ गंगा तट, लेजर लाइट के बीच होगी भव्य आरती
रायबरेली के डलमऊ में कार्तिक पूर्णिमा मेले का शुभारंभ काशी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती से होगा। नगर पंचायत द्वारा आयोजित इस आरती में लेजर लाइट और वाराणसी के समूह द्वारा प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को यादगार अनुभव मिलेगा।
-1795316158028_m.webp)
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा मेले का शुभारंभ भव्य गंगा आरती से।
डलमऊ गंगा तट पर काशी की तर्ज पर आरती।
लेजर लाइट और वाराणसी समूह द्वारा विशेष प्रस्तुति।
संवाद सूत्र, डलमऊ (रायबरेली)। कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले ऐतिहासिक प्रांतीय मेले का शुभारंभ इस बार मां गंगा की दिव्य और भव्य आरती के साथ होगा। काशी की तर्ज पर होने वाली इस आरती को यादगार बनाने के लिए नगर पंचायत ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गंगा तट पर लेजर लाइट की रंगीन रोशनी के बीच श्रद्धालुओं को काशी जैसा नजारा देखने को मिलेगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष पंडित बृजेश दत्त गौड़ ने बताया कि मां भागीरथी की भव्य आरती के लिए वाराणसी से गंगा आरती ग्रुप को आमंत्रित किया गया है। उन्हीं के द्वारा विधि-विधान से गंगा आरती संपन्न कराई जाएगी। आयोजन को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए विशेष लेजर लाइट की व्यवस्था भी की गई है।
आरती के दौरान सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। खास बात यह है कि इस बार गंगा आरती की जिम्मेदारी वन विभाग के बजाय नगर पंचायत को सौंपी गई है। इससे पहले वन विभाग की ओर से आरती का आयोजन कराया जाता रहा है, लेकिन इस बार नगर पंचायत स्वयं इस धार्मिक आयोजन की कमान संभालेगी।
नगर पंचायत की ओर से इसे भव्य स्वरूप देने की तैयारी की गई है। ऐसे में कार्तिक पूर्णिमा पर डलमऊ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को गंगा तट पर काशी की गंगा आरती की झलक देखने को मिलेगी।
यह भी पढ़ें- रायबरेली में कोहरे से निपटने की तैयारी: रोडवेज बसों में लगेंगे 'ऑल वेदर बल्ब', फॉग लाइट की जरूरत खत्म