विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी में देव दीपावली की भव्य तैयारी: 51 हजार दीयों से जगमगाएगा दशाश्वमेध घाट, 21 क्विंटल फूलों से होगी सजावट

Published: Sun, 22 Nov 2026 06:00 AM (IST)

वाराणसी में देव दीपावली की भव्य तैयारी है, जहां दशाश्वमेध घाट 51 हजार दीपों और 21 कुंतल फूलों से जगमगाएगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. दशाश्वमेध घाट 51 हजार दीपों की स्वर्णिम आभा से जगमगाएगा।

  2. यह देव दीपावली वीर जवानों के शौर्य को समर्पित रहेगी।

  3. अनूप जलोटा और कई सैन्य अधिकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा पर दशाश्वमेध घाट 51 हजार दीपों की स्वर्णिम आभा से जगमगा उठेगा। घाट को 21 कुंतल फूल-मालाओं से मनमोहक तरीके से सजाया जाएगा। बिजली के झालरों की रंग- बिरंगी रोशनी अद्भुत छटा बिखेरेगी।

गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने शनिवार को कार्यालय में आयोजन को लेकर बताया कि इस वर्ष देव दीपावली वीर जवानों के शौर्य को समर्पित रहेगी। कार्यक्रम में मध्य कमान (लखनऊ) के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्र मुख्य अतिथि और सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, बीएसएफ महानिदेशक प्रवीण कुमार, ब्रिगेडियर उमेश ए परब और एयर कमोडोर सुरेंद्र मलिक सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी शामिल होंगे।

82372756

कारगिल विजय की स्मृति में प्रज्वलित कार्तिक मास के 'आकाशदीप' का विधिपूर्वक समापन होगा। वहीं, अमर जवान ज्योति की अनुकृति पर पुष्पचक्र अर्पित कर 39 जीटीसी के जवान 'लास्ट पोस्ट' और 'गार्ड ऑफ ऑनर' के साथ शहीदों को सलामी देंगे। शहीद शशिकांत सिंह, सुनील कुमार व आरपीएफ कांस्टेबल महताब खान व कोलाहल यादव के परिजनों को 'भगीरथ शौर्य सम्मान' दिया जाएगा।

बताया कि सांस्कृतिक संध्या में प्रो. रेवती साकलकर की गणपति वंदना व देशभक्ति गीतों के साथ भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा स्वरांजलि देंगे। मुख्य महाआरती में प्रो. चंद्रमौली उपाध्याय, पं. श्रीधर पांडेय व आचार्य रणधीर के नेतृत्व में 21 ब्राह्मण, रिद्धि-सिद्धि के रूप में 42 कन्याएं और काशी विश्वनाथ डमरू दल के 10 सदस्य आलौकिक दृश्य प्रस्तुत करेंगे।

इस दौरान श्रद्धालुओं को 'एक संकल्प गंगा किनारे' के तहत मां गंगा की स्वच्छता का संकल्प भी दिलाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 24 सीसीटीवी कैमरे, 250 स्वयंसेवक, मेडिकल टीम, एंबुलेंस और एनडीआरएफ की वाटर एंबुलेंस मुस्तैद रहेगी।

यह भी पढ़ें- वाराणसी से तमिलनाडु के बीच चलेंगी सात स्पेशल ट्रेनें, दर्शन के बाद अयोध्या-प्रयागराज भी जाएंगे अतिथि

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।